Bhopal News: कृषि मंत्री के OSD सहित 3 कर्मचारी सस्पेंड किए गए, तीनों पर ट्रांसफर के बदले रिश्वत मांगने का आरोप
वल्लभ भवन भोपाल
Bhopal News: मध्य प्रदेश सरकार में कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना के OSD अशोक कुमार बाथम समेत निज सहायक दिनेश भकोरिया और स्टेनो टाइपिस्ट अंकित अवधिया को सस्पेंड कर दिया गया है. तीनों पर ट्रांसफर कराने के बदले रिश्वत लेने का आरोप है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, राज्य सरकार ने 1 से 16 जून के बीच शासकीय कर्मचारियों के ट्रांसफर से प्रतिबंध को हटाया था. इसी दौरान कृषि विस्तार अधिकारी, नर्स और वन रक्षक के तबादले के बदले 5 से 15 लाख रुपये की डील की थी. कृषि विभाग ने 29 जून को आदेश में कहा कि मौजूद तथ्यों और प्रथम दृष्टि में सामने आई सामग्री के आधार पर मध्य प्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण और अपील) नियम 1966 के अंतर्गत बाथम को निलंबित किया गया है.
सस्पेंड रहने के दौरान अशोक कुमार बाथम को सीधी जिले के उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास कार्यालय में भेज दिया गया है. अधिकारी पर आरोप है कि उन्होंने कृषि विस्तार अधिकारी के ट्रांसफर के बदले 2.50 लाख रुपये कैश मांगे थे.
भकोरिया ने 3.50 रुपये मांगे
वहीं, सामान्य प्रशासन विभाग ने दो अलग-अलग निलंबन आदेश जारी किए. इनमें स्टेनो टाइपिस्ट अंकित अवधिया और निज सहायक दिनेश भकोरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की बात कही गई. एक स्टिंग ऑपरेशन के बाद दोनों के ट्रांसफर के बदले रिश्वत मांगने का वीडियो सामने आया था.
ये भी पढ़ें: MP के इस जिले में बनेगा साउथ एशिया का सबसे बड़ा प्राइवेट मिसाइल इकोसिस्टम, गोला-बारूद के कंपोनेंट होंगे तैयार
आरोप है कि निज सहायक ने नर्स के स्थानांतरण के लिए 3.50 लाख रुपये की मांग की थी. उन पर मध्य प्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के तहत कार्रवाई की गई है. वहीं, स्टेनो टाइपिस्ट अंकित अवधिया पर आरोप है कि उन्होंने नर्स के ट्रांसफर के लिए 5 लाख और वन रक्षक के तबादले के लिए 1.50 लाख रुपये की मांग की थी.