भोपाल में ‘चोरी’ हुआ फुटपाथ! अरेरा कॉलोनी से सामने आया अनोखा मामला, जिम्मेदारों पर FIR की मांग
भोपाल: अरेरा कॉलोनी एरिया
Bhopal Footpath News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. जहां लोगों ने फुटपाथ गायब होने की शिकायत पुलिस से की है. रहवासियों ने कहा है कि जिम्मेदार अधिकारियों पर FIR दर्ज होनी चाहिए. शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि सरकारी तंत्र की लापरवाही या मिलीभगत के बिना ये किसी भी हालत में संभव नहीं है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, अरेरा कॉलोनी में स्थित 10 नंबर मार्केट में सड़क किनारे बने फुटपाथ के कथित तौर पर गायब होने का मामला हबीबगंज थाने पहुंचा है. रहवासी विवेक त्रिपाठी और लवनीश भाटी ने हबीबगंज थाने में शिकायत देकर FIR की मांग की. शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि भूमाफिया ने फुटपाथ पर कब्जा कर पार्किंग और व्यावसायिक गतिविधियां शुरू कर दी हैं.
पुलिस थाने में की गई शिकायत में सवाल उठाया है कि सरकारी पैसे से बना फुटपाथ आखिर कहां गया? अतिक्रमणकारियों के साथ नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग की गई है. आरोप है कि सरकारी तंत्र की लापरवाही या मिलीभगत के बिना सार्वजनिक जमीन पर कब्जा संभव नहीं हो सकता है.
‘अतिक्रमण हटाने तक संघर्ष रहेगा जारी’
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पुराने नक्शे और सरकारी रिकॉर्ड निकालकर फुटपाथ की पूर्व और वर्तमान स्थिति का मिलान होना चाहिए, ताकि वास्तविक स्थिति पता चल सके.
ये भी पढ़ें: MP News: एमपी में अब नहीं बिकेगा एनालॉग पनीर, सीएम मोहन यादव ने जारी किए सख्त निर्देश
शिकायत में कहा गया है कि रिकॉर्ड और मौके की स्थिति में अंतर मिलने पर अतिक्रमणकारियों के साथ जिम्मेदार अधिकारियों को भी आरोपी बनाया जाए. इसके साथ ही फुटपाथ से अतिक्रमण हटाकर उसे मूल स्वरूप में बहाल करने की मांग भी रखी. संयुक्त रहवासी संघर्ष समिति ने चेतावनी दी है कि FIR और अतिक्रमण हटाने तक संघर्ष जारी रहेगा.