दिल्ली की तरह अब भोपाल-इंदौर मेट्रो में लगी वेंडिग मशीन, मात्र 30 सेकेंड में यात्री ले सकते हैं टिकट
भोपाल मेट्रो
अगर आपने दिल्ली मेट्रो में सफर किया है तो वहां के स्टेशनों पर एक एटीएम की तरफ मशीन को जरूर देखा होगा. इस मशीन को टिकट वेंडिग मशीन कहते है. अब ये मशीने मध्य प्रदेश के भोपाल और इंदौर मेट्रो के स्टेशनों पर भी आपको देखने को मिलेगी. दोनों ही शहरों के मेट्रो स्टेशनों पर इस महीने के आखिरी में यानी कि 30 अक्टूबर से इसकी शुरूआत होने जा रही है. इसका उपयोग करते यात्री मात्र 30 सेकेंड में अपनी यात्रा की टिकट प्राप्त कर सकते हैं.
टिकट खरीदने में बहुत सुविधा होगी
भोपाल और इंदौर के मेट्रो स्टेशनों पर वेंडिग मशीन के लग जाने से यात्रियों को टिकट खरीदने में बहुत सुविधा होगी. इससे टिकट खरीदने की प्रक्रिया तेज, सरल और सुविधाजनक हो जाएगी. दृष्टिबाधित दिव्यांगजनों को ब्रेल लिपि की सुविधा भी मिलेगी. भोपाल एवं इंदौर मेट्रो के सभी स्टेशनों पर दो-दो टिकट वेंडिंग मशीन (TVM) स्थापित की गई हैं.
TVM से टिकट प्राप्त करने की प्रक्रिया
- Buy QR Ticket विकल्प पर क्लिक करें.
- अपनी यात्रा के लिए गंतव्य स्टेशन का चयन करें.
- चयनित गंतव्य के अनुसार स्क्रीन पर कुल किराया दिख जाएगा.
- इसके बाद स्क्रीन पर QR कोड के माध्यम से भुगतान का विकल्प दिखाई देगा.
- अपने UPI ऐप से QR कोड स्कैन कर भुगतान करें.
- भुगतान सफल होने के बाद मशीन से अपना टिकट प्राप्त करें.
ये भी पढे़ं- MP News: श्योपुर में घायल मिले चीते की मौत, शरीर से निकले बंदूक के पांच छर्रे, जांच के लिए STF गठित
टिकट खरीदने के कई विकल्प
गौरतलब है कि भोपाल और इंदौर मेट्रो में यात्रियों की सुविधा के लिए टिकट लेने करने के कई विकल्प उपलब्ध हैं. यात्री MPMRCL मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल टिकट बुक कर सकते हैं. इसके अतिरिक्त, स्टेशनों पर उपलब्ध टिकट काउंटरों साथ ही अब टिकट वेंडिंग मशीन के माध्यम से भी टिकट प्राप्त किया जा सकेगा. डिजिटल टिकटिंग व्यवस्था के अंतर्गत यात्री UPI, QR कोड एवं ई-वॉलेट जैसे कैशलेस भुगतान विकल्पों का उपयोग कर सकते हैं.