MP News: श्योपुर में घायल मिले चीते की मौत, शरीर से निकले बंदूक के पांच छर्रे, जांच के लिए STF गठित
नन्हें चीतों की तस्वीर (फाइल फोटो)
MP News: मध्य प्रदेश के श्योपुर वन मंडल में घायल अवस्था में मिले 19 महीने के नर चीते केएनजी-22 की मौत हो गई. चीते को 25 अक्टूबर को वन क्षेत्र के कंपार्टमेंट नंबर 748 में घायल हालत में पाया गया था. शुरुआती जांच में उसके शरीर के अलग-अलग हिस्सों में बाहरी वस्तुएं होने का पता चला. बाद में विस्तृत जांच और सीटी स्कैन में शरीर के अंदर कई जगह नुकसान की पुष्टि हुई. आपातकालीन सर्जरी के दौरान चीते के शरीर से बंदूक के पांच छर्रे निकाले गए. इलाज के तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका.
वन विभाग की ओर से 27 अक्टूबर को जारी प्रेस नोट के मुताबिक, घायल चीते का प्रारंभिक एक्स-रे कराया गया था. इसमें शरीर के विभिन्न हिस्सों में बाहरी वस्तुएं दिखाई दी थीं. इसके बाद विशेषज्ञों की सलाह पर उसे बेहतर उपचार और विस्तृत जांच के लिए जबलपुर स्थित नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय के पशु शल्य चिकित्सा एवं रेडियोलॉजी विभाग में भेजा गया.

आंतरिक अंगों और तंत्रिका तंत्र को पहुंचा था नुकसान
जबलपुर में कराए गए सीटी स्कैन से पता चला कि चीते के शरीर में मौजूद बाहरी वस्तुओं के कारण उसके आंतरिक अंगों, मांसपेशियों और तंत्रिका तंत्र को नुकसान पहुंचा था. चिकित्सकों ने आपातकालीन सर्जरी कर शरीर से पांच बंदूक के छर्रे निकाले. हालांकि, गंभीर चोटों और लगातार उपचार के बावजूद चीते की जान नहीं बचाई जा सकी.
जांच के लिए गठित की गई विशेष टास्क फोर्स
घटना की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने वन और पुलिस अधिकारियों को शामिल करते हुए विशेष जांच टास्क फोर्स (एसटीएफ) गठित की है. यह दल पूरे मामले की विस्तृत जांच करेगा. जांच में यह पता लगाना महत्वपूर्ण होगा कि चीते को गोली किसने मारी, घटना कहां हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे. फिलहाल वन विभाग की ओर से घटना के संबंध में विस्तृत जांच की जानकारी दी गई है, लेकिन गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान सामने नहीं आई है.
ये भी पढे़ं- कूनो में थमी एक और नन्हीं सांस, चीता आशा के 8 महीने के शावक की मौत, देश में बचे कुल 59 चीते