भोपाल में नशेड़ी मजदूर का अनोखा कारनामा! गांजा पीने की तलब में उगा दिए गांजे के 12 पौधे, पुलिस ने किया गिरफ्तार
भोपाल: मजदूर ने उगाए गांजे के पौधे
Bhopal Police Arrest Ganja Laborer: नशेडियों की हरकतें अक्सर लोगों को चौंका देती हैं. कभी मोबाइल टावर तो कभी पानी टंकी पर चढ़कर तमाशा करते नजर आते हैं. इससे इतर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से चौंकाने वाली खबर सामने आयी है. जहां एक नशेड़ी मजदूर ने गांजे के पौधे ही उगा डाले. जब इसकी जानकारी पुलिस को मिली तो मौके पर पहुंचकर पौधों को नष्ट किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ये पूरा मामला भोपाल के कटारा हिल्स इलाके का है. पुलिस को सूचना मिली कि एक निर्माणाधीन इमारत के परिसर में गांजे के पौधे उगाए जा रहे हैं. पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. बिल्डिंग परिसर में कुछ पौधे उगाए गए थे. जब इनकी बारीकी से जांच गई तो पता चला कि ये गांजे के पौधे हैं. कुल 12 पौधे जब्त किए गए. नियमों के मुताबिक पुलिस ने इन पौधों को नष्ट कर दिया.
मजदूर को गांजा पीने की आदत थी
जांच में सामने आया कि निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम करने वाला मजदूर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव का रहना वाला है. वह भोपाल में मजदूरी के काम से आया था और यहीं रह रहा था. आरोपी को गांजा पीने की आदत थी. इसी वजह से उसने परिसर में ही गांजे के पौधे उगा लिए. आरोपी मजदूरी के साथ-साथ पौधों की देखरेख भी करता था.
ये भी पढ़ें: MP News: अमृत मिशन परियोजना में बड़ा एक्शन, लापरवाही बरतने पर 5 ठेकेदार ब्लैकलिस्ट
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है. फिलहाल, पुलिस ये पता लगाने में जुटी हुई है कि उसके पास गांजे के बीज कैसे आए. इसके साथ ही ये भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी किस नशा गिरोह का हिस्सा तो नहीं है.