Bhopal Metro: भोपाल मेट्रो सिग्नलिंग सिस्टम को मिली मंजूरी, 25 जुलाई से लागू होंगे नए नियम, हर 15 मिनट में मिलेगी ट्रेन

Bhopal Metro CMRS Approval Update: 25 जुलाई से यात्रियों के लिए नई संचालन व्यवस्था लागू होने जा रही है. कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) से सिग्नलिंग सिस्टम को मंजूरी मिलने के बाद अब मेट्रो दोनों ट्रैक पर संचालित होगी.
bhopal metro

भोपाल मेट्रो

Advanced Signalling System Approved: भोपाल मेट्रो में 25 जुलाई से यात्रियों के लिए नई संचालन व्यवस्था लागू होने जा रही है. कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) से सिग्नलिंग सिस्टम को मंजूरी मिलने के बाद अब मेट्रो दोनों ट्रैक पर संचालित होगी. इसके साथ ही नई समय-सारणी भी लागू की जा रही है, जिससे यात्रियों को पहले के मुकाबले काफी कम इंतजार करना पड़ेगा.

नई समय-सारणी होगी लागू

नई व्यवस्था के तहत पीक आवर्स में मेट्रो हर 15 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध होगी, जबकि अन्य समय में हर 30 मिनट में ट्रेन चलेगी. यह सेवा सुभाष नगर और एम्स स्टेशन के बीच संचालित होगी. पहले सिग्नलिंग सिस्टम नहीं होने के कारण मेट्रो केवल एक ट्रैक पर चल रही थी, जिससे ट्रेनों के बीच लंबा अंतराल रहता था.

सुरक्षा जांच के बाद मिली मंजूरी

25 जून को सीएमआरएस की टीम ने दोनों ट्रैक पर मेट्रो संचालन का विस्तृत निरीक्षण किया था. इस दौरान दो ट्रेनों को आमने-सामने चलाकर सिग्नलिंग सिस्टम, ब्रेकिंग, गति नियंत्रण और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई. सभी परीक्षण सफल रहने के बाद सिस्टम को संचालन की अनुमति दे दी गई.

सुबह 9 बजे से शुरू होगा संचालन

नई समय-सारणी के अनुसार एम्स स्टेशन से सुबह 9 बजे पहली मेट्रो रवाना होगी, जबकि शाम करीब 6.30 से 7 बजे के बीच अंतिम सेवा संचालित की जाएगी. दोनों दिशाओं में प्रतिदिन कुल 50 ट्रिप संचालित करने की योजना बनाई गई है.

यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदा

इस नई व्यवस्था का लाभ खासतौर पर एम्स आने वाले मरीजों और उनके परिजनों, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से सफर करने वाले यात्रियों, एमपी नगर के छात्रों, वल्लभ भवन, एसबीआई, आरबीआई समेत विभिन्न सरकारी और निजी संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों तथा रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को मिलेगा. ट्रेनों की बढ़ी हुई फ्रीक्वेंसी से सफर अधिक सुविधाजनक, तेज और समयबद्ध होने की उम्मीद है.

डिजिटल टिकटिंग की सुविधा जारी

यात्रियों की सुविधा के लिए भोपाल मेट्रो में ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन (AFC) सिस्टम पहले से उपलब्ध है. एमपीएमआरसीएल के मोबाइल ऐप के जरिए डिजिटल टिकट बुक किए जा सकते हैं. इसके अलावा यूपीआई, क्यूआर कोड, ई-वॉलेट और अन्य डिजिटल भुगतान माध्यमों से भी टिकट खरीदने की सुविधा दी जा रही है.

ये भी पढे़ं- Bhopal: 48 घंटे के लिए भोपाल मेट्रो पर लगा ब्रेक, CMRS टीम की ‘ओके’ रिपोर्ट के बाद जारी होगा नया शेड्यूल

ज़रूर पढ़ें