भोपाल मेट्रो की टाइमिंग में बदलाव, 16 नवंबर से लागू होगी नई व्यवस्था
भोपाल मेट्रो
Bhopal Metro Time Table: भोपाल के मेट्रो यात्रियों के लिए एक अहम सूचना सामने आई है. शहर में चल रही मेट्रो रेल सेवा के संचालन समय में बदलाव करने का फैसला लिया गया है. यह नया शेड्यूल आगामी 16 नवंबर 2026 से प्रभावी हो जाएगा. सप्ताह के कार्यदिवसों के लिए अलग व्यवस्था तय की गई है, जबकि छुट्टी वाले दिनों में सेवा का समय पहले जैसा ही रखा गया है.
बढ़ती संख्या को लेकर लिया गया फैसला
प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की बढ़ती संख्या, उनकी सुविधा और संचालन को और अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है. नए कार्यक्रम के अनुसार सोमवार से लेकर शनिवार तक मेट्रो दोपहर बारह बजे से लेकर शाम साढ़े सात बजे तक उपलब्ध रहेगी. सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन से दिन की पहली गाड़ी दोपहर बारह बजे छूटेगी और आखिरी गाड़ी शाम सात बजे प्रस्थान करेगी.
दूसरी ओर एम्स स्टेशन से पहली गाड़ी दोपहर बारह बजकर चालीस मिनट पर चलेगी और अंतिम गाड़ी शाम साढ़े सात बजे रवाना होगी. इससे दोनों छोर से यात्रा करने वाले लोगों को अपने समय के अनुसार योजना बनाने में आसानी होगी. कार्यदिवसों में मेट्रो की आवृत्ति को भी तय किया गया है.
हर बीस मिनट में एक मेट्रो मिलेगी
भीड़ वाले समय में हर बीस मिनट में एक मेट्रो मिलेगी, जबकि सामान्य समय में यह अंतराल चालीस मिनट का रहेगा. अधिकारियों का मानना है कि इस व्यवस्था से पीक आवर्स में यात्रियों को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और ऑफ पीक में भी संसाधनों का सही उपयोग हो सकेगा. रविवार तथा अन्य सार्वजनिक अवकाश के दिनों में मेट्रो का समय अलग होगा.
इन दिनों सेवा सुबह साढ़े ग्यारह बजे शुरू होकर रात साढ़े आठ बजे तक जारी रहेगी. सुबह साढ़े ग्यारह से दोपहर एक बजे तक हर आधे घंटे में मेट्रो चलेगी. इसके बाद दोपहर एक बजे से रात साढ़े आठ बजे तक हर पंद्रह मिनट में मेट्रो उपलब्ध रहेगी.



