Bhopal: ‘गंगा-जमुनी तहजीब के लिए ये जरूरी’, मुस्लिम त्योहार कमेटी ने ओवैसी के कार्यक्रम को रद्द करने की उठाई मांग
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी
Bhopal: राजधानी भोपाल में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सियासत तेज हो गई है. ओवैसी 15 सितंबर 2026 को भोपाल के दौरे पर रहेंगे वे करीब ढाई बजे राजा भोज एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद भोपाल में शाम साढ़े 7 बजे सेंट्रल लाइब्रेरी मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे. लेकिन उससे पहले ही मुस्लिम त्योहार कमेटी, भोपाल ने ओवैसी के कार्यक्रम की अनुमित को तत्काल रद्द करने की मांग उठा दी है.
ओवैसी का कार्यक्रम रद होना चाहिए-मुस्लिम त्योहार कमेटी
कमेटी का कहना है कि भोपाल की गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखने के लिए ओवैसी का कार्यक्रम रद होना चाहिए, क्योंकि उनके बयानों से धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं और शहर का माहौल खराब हो सकता है. जिस सेंट्रल लाइब्रेरी परिसर में ओवैसी के कार्यक्रम की अनुमति दी गई है, वहां वर्तमान में गणेशोत्सव के दौरान कई धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन होते हैं.
विधायक टी. राजा को अनुमति नहीं तो ओवैसी को भी नहीं
मुस्लिम त्योहार कमेटी ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा है कि जब विधायक टी. राजा सिंह के कार्यक्रम को कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताते हुए अनुमति नहीं दी गई थी, तो इसी आधार पर असदुद्दीन ओवैसी के कार्यक्रम को भी परमिशन नहीं दी जानी चाहिए.



ओवैसी के प्रस्तावित 15 सितंबर के कार्यक्रम को लेकर कमेटी के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से शांति व्यवस्था बनाए रखने के हित में अनुमति वापस लेने का आग्रह किया है.
यह भी पढे़ं- सागर जहरीली शराब कांड: CM मोहन यादव ने न्यायिक जांच के आदेश दिए, बदले गए कमिश्नर-आईजी
कानूनों का कड़ाई से पालन हो
कमेटी ने यह भी कहा कि यदि कार्यक्रम की अनुमति प्रदान की जाती है तो कार्यक्रम के दौरान दिए जाने वाले भाषण एवं वक्तव्यों में लागू कानूनों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी ऐसे वक्तव्य पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाए जिससे किसी समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हों या सार्वजनिक शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित हो.