Bhopal Sharjah Flight: भोपाल-शारजाह के बीच जल्द शुरू होगी उड़ान, CM मोहन यादव ने किया ऐलान

Bhopal Sharjah Flight: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ऐलान करते हुए कहा कि भोपाल से जल्द ही शारजाह के लिए सीधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई सेवा शुरू होने जा रही है. उन्होंने आगे कहा कि इससे मध्य प्रदेश की इंटरनेशनल कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी.
Bhopal Sharjah direct international flight

भोपाल से शारजाह के लिए जल्द शुरू होगी सीधी फ्लाइट

Bhopal Sharjah Flight: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से जल्द ही शारजाह के लिए फ्लाइट शुरू होने वाली है. कामकाज, घूमने और बिजनेस के सिलसिले में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) जाने वाले यात्रियों के लिए खुशखबरी है. इस फ्लाइट के शुरू होने के बाद दुबई जाना आसान हो जाएगा. सीएम मोहन यादव ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर इस बारे में ऐलान किया है.

मुख्यमंत्री ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल परेड ग्राउंड के कार्यक्रम में शामिल हुए. ध्वजारोहण किया और सलामी ग्रहण की. अपने संबोधित के दौरान उन्होंने कहा कि भोपाल से जल्द ही शारजाह के लिए सीधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई सेवा शुरू होने जा रही है. उन्होंने आगे कहा कि इससे मध्य प्रदेश की इंटरनेशनल कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी. इसके साथ ही व्यापार, पर्यटन और दूसरे क्षेत्रों में भी प्रदेश को इसका लाभ मिलेगा.

अक्टूबर में शुरू हो सकती है फ्लाइट

शारजाह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा दुबई के विकल्प के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है. जानकारी के मुताबिक भोपाल-शारजाह फ्लाइट अक्टूबर महीने से शुरू होगी. फिलहाल, इसका शेड्यूल जारी नहीं किया गया है. इसके साथ ही किराये की भी जानकारी सामने नहीं आई है. दरअसल, कुछ दिनों पहले भोपाल से रीवा, भोपाल से पटना और जबलपुर से कोलकाता डायरेक्ट फ्लाइट का संचालन शुरू हुआ है. इस मौके पर भोपाल से शारजाह के लिए सीधी फ्लाइट की घोषणा की गई थी.

ये भी पढ़ें: भोपाल-विदिशा रोड होगी 4 लेन, 1,757 करोड़ रुपये से बनेगा हाई-स्पीड कॉरिडोर का फीडर रूट

इस फ्लाइट से किन्हें फायदा मिलेगा?

  • बड़ी संख्या में लोग दुबई घूमने जाते हैं. शारजाह के लिए सीधी फ्लाइट होने से यात्रा करना आसान हो जाएगा.
  • यूरोपीय और अमेरिकन देशों के लिए विकल्प खुल जाएंगे. दुबई और शारजाह से कई सारी फ्लाइट इन देशों के लिए चलती हैं.
  • कामकाज और बिजनेस के काम से जाने वालों के लिए आसानी हो जाएगी.
  • इसके शुरू होने से भोपालवासियों को मुंबई या दिल्ली का रुख नहीं करना पड़ेगा.

ज़रूर पढ़ें