MP में इस महीने लागू होगा UCC, श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर बोले सीएम मोहन यादव
सीएम मोहन यादव
MP News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 6 जुलाई को भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. राजधानी भोपाल के लालघाटी स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी हमारे विचारों और स्मृतियों में सदैव जीवित रहेंगे. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश भी उन गौरवशाली राज्यों में शामिल होने जा रहा है, जहां एक समान कानून लागू होगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने आजादी के समय संविधान की कुछ कमियों की ओर संकेत करते हुए “एक निशान, एक प्रधान, एक विधान” का विचार रखा था. इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए मध्य प्रदेश सरकार इसी महीने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है.
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश वह सभी कार्य करने जा रहा है, जो देश के विकास और भविष्य के लिए आवश्यक हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आज पूरी दुनिया में अपनी अलग और मजबूत पहचान बना रहा है. डॉ. मुखर्जी के उदात्त विचारों को आत्मसात करते हुए प्रदेश औद्योगिकीकरण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है.
सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है और डॉ. मुखर्जी के सपनों के भारत के निर्माण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश ने पहली बार रक्षा क्षेत्र में स्वर्णिम इतिहास रचा है और अब प्रदेश में विभिन्न प्रकार के रक्षा उत्पादों का निर्माण होगा. सरकार मध्यप्रदेश को सर्वांगीण रूप से सशक्त, सक्षम और विकसित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है.
सतगढ़ी में बनेगा बड़ा इंडस्ट्रियल पार्क
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर वह सतगढ़ी में एक बड़े इंडस्ट्रियल पार्क का उद्घाटन करेंगे. इस पार्क में उद्योगों के साथ-साथ रहने, खाने, आराम करने और रोजगार पाने जैसी समग्र सुविधाएं उपलब्ध होंगी. उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ भोपाल एक समृद्ध आर्थिक राजधानी के रूप में विकसित हो रहा है. विकास की नई आधारशिला रखने के लिए डॉ. मुखर्जी की जयंती से बेहतर अवसर कोई नहीं हो सकता.
भोपाल में बनेंगे दो बड़े कंवेंशन सेंटर
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा कंवेंशन सेंटर भोपाल में बनाया जाएगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया के अतिथि भारत आते हैं और यहां सभी कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न होते हैं. इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए कुशाभाऊ ठाकरे सभागार के पास भी एक आधुनिक कंवेंशन सेंटर बनाया जाएगा, जिसमें करीब 5 हजार लोगों के बैठने की क्षमता होगी. वहीं सतगढ़ी में बनने वाले कंवेंशन सेंटर में 10 से 15 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी.
प्रदेश में सबसे कम बेरोजगारी दर का दावा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उन्हें इस बात की प्रसन्नता है कि पूरे देश में मध्य प्रदेश वह राज्य है, जहां बेरोजगारी की दर सबसे कम है. उन्होंने कहा कि प्रदेश लगातार हर क्षेत्र में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और सरकार रोजगार, उद्योग, आधारभूत संरचना तथा जनकल्याण के क्षेत्र में तेजी से काम कर रही है.
ये भी पढे़ं- ‘नरोत्तम मिश्रा हमारे बड़े नेता हैं…’ दतिया सीट पर उपचुनाव को लेकर हेमंत खंडेलवाल बोले- शीर्ष नेतृत्व फैसला करेगा