CM मोहन यादव का कल मंडला दौरा, तेंदूपत्ता संग्राहकों को वितरित करेंगे 36 करोड़ रुपए की राशि

MP News: सीएम मोहन यादव प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के सदस्यों के लिए आयोजित प्रशिक्षण-सह-जागरूकता एवं प्रोत्साहन पारिश्रमिक राशि बोनस वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे.
CM Mohan Yadav

सीएम मोहन यादव

MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार, 4 अक्टूबर को मंडला के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के सदस्यों के लिए आयोजित प्रशिक्षण-सह-जागरूकता एवं प्रोत्साहन पारिश्रमिक राशि बोनस वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे. कार्यक्रम में तेंदूपत्ता संग्राहकों को 36 करोड़ 17 लाख रुपये से अधिक की बोनस राशि वितरित की जाएगी. इससे 9 लाख से ज्यादा संग्राहक लाभान्वित होंगे.

84 वन समितियों को मिलेगा काष्ठ लाभांश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम के दौरान 84 वन समितियों के सदस्यों को 26 करोड़ 56 लाख रुपये से अधिक का काष्ठ लाभांश भी वितरित करेंगे. कार्यक्रम का उद्देश्य तेंदूपत्ता संग्राहकों और वनोपज से जुड़े परिवारों को आर्थिक लाभ पहुंचाने के साथ उनके श्रम को प्रोत्साहन देना है. मंडला में आयोजित इस कार्यक्रम से जबलपुर, डिंडौरी, बालाघाट और सिवनी जिले के हितग्राही भी लाभान्वित होंगे.

2:30 बजे मंडला पहुंचेंगे मुख्यमंत्री

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 2:30 बजे हेलीकॉप्टर से मंडला हेलीपैड पहुंचेंगे. इसके बाद वे कार्यक्रम में शामिल होकर हितग्राहियों को बोनस और लाभांश राशि का वितरण करेंगे. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री शाम 4:50 बजे मंडला से जबलपुर के लिए रवाना होंगे.

कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां पूरी

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल पर तैयारियां पूरी कर ली हैं. कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे और पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के नेतृत्व में मंच, बैठक, सुरक्षा, यातायात, पेयजल और बिजली समेत अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है. संबंधित अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपकर व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है.

प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम भी होंगे

कार्यक्रम के दौरान तेंदूपत्ता संग्राहकों और प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के सदस्यों के लिए प्रशिक्षण एवं जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी. मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है. बालाघाट आईजी ने तैयारियों और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया है. कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में 700 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है.

ये भी पढे़ं- ’31 दिसंबर 2029 तक एमपी नशामुक्त हो जाएगा…’, गृहमंत्री अमित शाह ने डेडलाइन तय कर दी

ज़रूर पढ़ें