‘महाकाल की जमीन RSS की संस्था को आवंटित कर दी’, दिग्विजय सिंह बोले- हो सकता है, यहां भी चंदा चोरी हो रही हो
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह.
MP News: कांग्रेस नेता ने अयोध्या के राम मंदिर में कथित चंदा चोरी को लेकर बीजेपी और आरएसएस पर जमकर हमला बोला है. दिग्विजय सिंह ने कहा है कि जिस तरह से अयोध्या में चंदा चोरी हुई है, इसी तरह से महाकाल मंदिर में चंदा चोरी की संभावना है. साथ ही महाकाल की जमीन आरएसएस को देने का आरोप लगाया है.
‘महाकाल की जमीन पर RSS का गेस्ट हाउस बना दिया’
दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘इन्होंने महाकाल के मंदिर की जमीन आरएसएस की संस्था को आवंटित कर दी. मैंने उसको कैंसिल कर दिया तो ये कोर्ट चले गए. इसके बाद इन्होंने सरस्वती शिशु मंदिर खोल दिया. पार्किंग के लिए पैसा वसूल करने लगे. बाद में हमको मालूम पड़ा कि हमारा वकील भी बिक गया था. इस वजह से हम उस जमीन को वापस नहीं ले पाए. कब्जा करने के बाद ये निरंतर काम कर रहे थे. अब इन्होंने भारत माता का मंदिर लगा दिया. साथ में आरएसएस का गेस्ट हाउस बना लिया. वहां पर लोगों से वसूल करते रहते हैं. कहते हैं कि जो हमारे गेस्ट हाउस में ठहरेगा उसको वीआईपी दर्शन करवा देंगे, भस्मारती में शामिल करवा देंगे. जिसको सरस्वती शिशु मंदिर बना रखा था, अब उसको तोड़कर 100 कमरों का होटल बना रहे हैं. पूरी तरह से व्यवसाय चल रहा है. जो भी वसूली हो रही है, वो महाकाल के मंदिर में नहीं जा रहा है, वो इनके खाते में जा रही है.’
दिग्विजय ने आगे कहा, ‘वो तो गनीमत है कि अभी तक यहां के मंदिर प्रभारी की कोई शिकायत सामने नहीं आई है. हो सकता है अयोध्या की तरह यहां भी चंदा चोरी हो रही हो.’
‘ये धर्म बेचकर विधायक, सांसद खरीदते हैं’
दिग्विजय सिंह ने खुद को सनातनी बताते हुए कहा, ‘मैं शुद्ध रूप से सनातन धर्म का पालन करने वाला व्यक्ति हूं. मेरे गृहनगर का नाम भी राघवगढ़ है. लेकिन ये आरएसएस के लोग कहते हैं कि दिग्विजय सिंह मुसलमान हो गया, इसाई हो गया है. इनके लिए धर्म आस्था का विषय नहीं है. इनके लिए धर्म चंदा चोरी, वोट चोरी का विषय है. ये शुद्ध रूप से व्यवसाई हैं. ये लोग धर्म बेचकर विधायक और सांसद खरीदते हैं.’
‘मेरे चंदे की चोरी हुई है, मैं केस करूंगा’
दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘अयोध्या के भगवान राम के मंदिर का इतिहास जान लीजिए. ये लड़ाई योगी आदित्यनाथ के गोरक्षनाथ मठ से 1800 के आसपास से चली आ रही है. इसकी लड़ाई हनुमानगढ़ी के महात्माओं, निर्मोही अखाड़ों और गोरक्षनाथ के अखाड़ों ने लड़ी है. मैंने जो चंदा दिया है, इसकी इन्होंने चोरी की है. इसके लिए अपने वकील के माध्यम से 5 – 6 जुलाई को अयोध्या में जाकर अपने चंदा चोरी को लेकर केस दर्ज कराऊंगा.’
ये भी पढे़ं: MP कांग्रेस को बड़ा झटका, 30 साल पुराने नेता राकेश यादव ने पार्टी छोड़ी, जीतू पटवारी पर लगाए तानाशाही के आरोप