‘ED नहीं अपनी ही पार्टी ने घरेलू छापा मार दिया…’, नरोत्तम मिश्रा के टिकट कटने पर दिग्विजय सिंह ने शेयर किया पोस्‍ट

Datiya By-Poll: नरोत्तम मिश्रा के टिकट कटने के बाद से ही उनके समर्थक लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. टिकट कटने के बाद अब कांग्रेस के नेता भी भाजपा और नरोत्तम मिश्रा पर तंज कसते नजर आ रहे हैं.
Digvijaya Singh and Narottam Mishra

दिग्विजय सिंह और नरोत्तम मिश्रा

Datiya By-Poll: मध्‍य प्रदेश के दतिया में होने वाले उपचुनाव में भाजपा ने पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के टिकट पर होने वाली चर्चाओं पर विराम लगाते हुए संघ के करीबी आशुताेष तिवारी को अपना उम्मीदवार घोषि‍त कर दिया है. नरोत्तम मिश्रा के टिकट कटने के बाद से ही उनके समर्थक लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. टिकट कटने के बाद अब कांग्रेस के नेता भी भाजपा और नरोत्तम मिश्रा पर तंज कसते नजर आ रहे हैं.

दिग्विजय सिंह ने शेयर किया पोस्‍ट

नरोत्तम मिश्रा के टिकट कटने पर अब कांग्रेस के नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी है. पूर्व मुख्‍यमंत्री दिग्वि‍जय सिंह ने सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म फेसबुक पर एक पोस्‍ट शेयर करके नरोत्तम मिश्रा पर तंज कसा है. हालांकि दिग्विजय सिंह द्वारा शेयर किया गया पोस्‍ट कुलदीप यादव नामक एक यूजर का है.

पोस्‍ट में लिखा है कि ”नरोत्तम मिश्रा जी, घर में तो ED नहीं, लेकिन अपनी ही पार्टी ने घरेलू छापा मार दिया. दतिया से टिकट कट गया, समर्थक हाईवे जाम कर रहे हैं, जिलाध्यक्ष ने पूरी टीम के साथ इस्तीफा दे दिया, अरे भाई, इतने साल गृह मंत्री बनकर पूरे MP को “संभाला”, अब खुद को संभाल नहीं पाए? टिकट कट गया तो क्या, दिल नहीं टूटा. बस हाईवे जाम हो गया, ये वही बीजेपी है जो कहती है एक परिवार, एक विचार, लेकिन अंदर तो एक टिकट, सौ दुश्मन, बीजेपी ख़त्म…”

विवेक तन्‍खा ने किया पोस्‍ट

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विवेक तन्‍खा ने भी दतिया उपचुनाव को लेकर पोस्‍ट किया है, उन्‍होंने लिखा कि ‘दतिया उप चुनाव माई के दरबार में तूफ़ान, बीजेपी के लिए चिंता के संकेत. क्या 2028 के आम चुनाव के पूर्व एमपी में भारी उथल पुथल का सूचक. समय ही सबसे बलवान..’

अहंकारी नेता को बाहर का रास्‍ता दिखाया – सिंघार

उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने पर मध्‍य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी तंज कसते हुए सोशल मीडिया पर लिखा है कि ‘ दतिया में बंद हुई एकल भोजन योजना! भाजपा को जनता के भारी विरोध के आगे आखिरकार झुकना पड़ा और आगामी उपचुनाव में अपने अहंकारी नेता को बाहर का रास्ता दिखाना पड़ा. हमें पूरा विश्वास है कि दतिया की न्याय प्रिय जनता पुनः कांग्रेस पर भरोसा जताएगी और प्रदेश में न्याय की नई परिभाषा लिखेगी.’

ये भी पढे़ं- ‘अब बीजेपी में भी दो गुट बनने…’, नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने पर भड़कीं पूर्व विधायक ममता मीना

ज़रूर पढ़ें