भोपाल में मिला भागीरथपुरा वाला ई-कोलाई बैक्टीरिया, पार्षद बोले- निगम लोगों को गंदा पानी पिला रहा

Bhopal News: मध्‍य प्रदेश की राजधानी भोपाल के वैशाली नगर में ई-कोलाई बैक्टीरिया मिलने के बाद से राजनीति गरमा गई है. मंगलवार को शहर में कांग्रेस पार्षदों ने कमिश्नर कर्मवीर शर्मा से मुलाकात की है.
Congress councilors submitted a memorandum to the Commissioner.

कांग्रेस पार्षदों ने कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन

Bhopal News: मध्‍य प्रदेश की राजधानी भोपाल के वैशाली नगर में ई-कोलाई बैक्टीरिया मिलने के बाद से राजनीति गरमा गई है. मंगलवार को शहर में कांग्रेस पार्षदों ने कमिश्नर कर्मवीर शर्मा से मुलाकात की है. इस दौरान पार्षदाें ने कहा कि नगर निगम लोगों को गंदा पानी पिला रहा है. इस मामले में जिम्मेदार लोगों पर तुरंत कार्रवाई की जानी चाहिए.

भोपाल नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शबिस्‍ता जकी, पार्षद योगेंद्र सिंह गुड्डू चौहान समेत कई अन्‍य पार्षदों ने शिकायत दर्ज की है. दरअसल, पूरा मामला उस समय तूल पकड़ा जब 14 नवंबर को वैशाली नगर में नल से आ रहे पानी की जांच में खतरनाक ई-कोलाई बैक्टीरिया मिला था. पानी में मिला ये बैक्टीरिया वहीं बैक्टीरिया था, जो इंदौर के भागीरथपुरा में मिला था और इसके कारण 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी.

घरों में आने वाले इस पानी की जांच जब सरकारी लैब में की गई तो वहां से आने वाली रिपोर्ट में इस बैक्टीरिया की पुष्ट‍ि हो गई. लैब से पुष्टी के बाद कॉलोनी में रहने वाले करीब 200 परिवारों ने नल का पानी पीना बंद कर दिया. घर के लोग बाजार से पानी की बोतल खरीद कर पी रहे हैं.

दोषियों पर सख्‍त कार्रवाई की मांग

भोपाल निगम नेता प्रतिपक्ष जकी, पार्षद चौहान समेत कई अन्‍य पार्षदों ने कमिश्नर शर्मा से दोषियों के खिलाफ सख्‍त कार्रवाई करने की मांग की है. पार्षदों ने पेयजल व्‍यवस्‍था में चल रही गंभीर अनियमितताओं को लेकर चिंता जताई है. उन्‍होंने वैशाली नगर में ई-कोलाई बैक्टीरिया मिलने, जल गुणवत्ता में लापरवाही और लोगों के स्‍वास्‍थ्‍य के साथ खिलवाड़ जैसे गंभीर मुद्दों पर निगम कम‍िश्नर से बातचीत की है.

पार्षदों ने कमिश्नर को ज्ञापन देकर पूरे जल वितरण तंत्र की उच्‍च स्‍तरीय जांच और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्‍त कार्रवाई के साथ ही लोगों को साफ पानी पिलाने की मांग की है.

अधिकारियों ने सैंपलिंग तेज की

वैशाली नगर में पीने के पानी में मिले बैक्टीरिया के बाद नगर निगम ने सैंपलिंग तेज कर दी है. इस पूरे मामले की अपर आयुक्त तन्‍मय वशिष्ठ खुद इसकी मानीटरिंग कर रहे हैं. अपर आयुक्त जल कार्य विभाग के अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वैशाली नगर में जांच के लिए पहुंचे और पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए.

अधिकारियों ने 14 नवंबर को 16 और 15 नवंबर को 16 सैंपल लिए थे. इन सैंपलों पर ऑन फील्‍ड निगम अधिकारियों का दावा है कि पेयजल स्‍वच्‍छ है और इसमें किसी भी प्रकार की दुर्गंध नहीं पाई गई. पानी में पर्याप्‍त मात्रा में रेसीड्यूल क्लोरीन पाई गई है.

पानी की अपने स्‍तर पर कराई जांच

वैशाली नगर के रहवासी विवेक राय ने पानी की अपने स्‍तर पर भी जांच कराई थी. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PCB) की स्‍टेट रिसर्च लैब से मिली रिपोर्ट बेहद चौंकाने वाली थी. इसकी पहली रिपोर्ट 28 अक्टूबर को आई, जिसमें 100 मिली पानी में ई-कोलाई की मात्रा 660 एमपीएन रही. इसके साथ ही पानी में गंदलापन (ग्रोटेस्‍केल) की मात्रा भी 5.9 एनटीयू रही, जबकि इसकी अधिकतम तय सीमा 5 एनटीयू रहती है.

वहीं, 12 नवंबर को एक बार फिर सैंपलिंग कराई गई. इस रिपोर्ट में 100 मिली पानी में ई-कोलाई बैक्टीरिया की मात्रा 350 एमपीएन रही, जबकि पीने के पानी में इसकी मात्रा शुन्‍य होती है.

वैशाली नगर में रहने वाले स्‍थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पेयजल की पाइप लाइन के पास से सीवेज लाइन निकलती है. वहीं पी‍छे स्थित वायू नगर के चेंबर में ओवरफ्लो और लीकेज के कारण सीवेज का पानी पेयजल लाइन में आने की आंशका है.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें