Bhopal: सड़क हादसे में पत्रकार सपना कुमारी का निधन, पुलिस ने डंपर चालक को किया गिरफ्तार
सपना के निधन के बाद आरोपी डंपर चालक गिरफ्तार
Bhopal: भोपाल के भदभदा चौराहे पर कल हुए सड़क हादसे के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. विस्तार न्यूज की पत्रकार सपना कुमारी को कुचलने वाले डंपर के ड्राइवर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. हादसे के बाद से ही डंपर चालक मौके से फरार था.
घटना के बाद माैके से डंपर चालक फरार हो गया था. जिसको पुलिस ने मंडीदीप से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान राकेश कामले के रूप में हुई है. जो कल घटना स्थल से फरार होकर ओबेदुल्लागंज, रायसेन और हरदा में अपने रिश्तेदारों के घर में छिपा हुआ था. पुलिस ने आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है. पूछताछ में सामने आया है कि डंपर कटारा हिल्स स्थित सरकारी रोड निमार्ण के कार्य में लगा हुआ था. डंपर का मालिक रातीबड़ निवासी नाम रंजीत मीणा है.
सीएम ने की आर्थिक मदद की घोषणा
पत्रकार सपना कुमारी के निधन पर सीएम मोहन यादव ने भी दुख जताया है. सीएम यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट करके लिखा कि भोपाल स्थित भदभदा चौराहे पर कल हुई एक सड़क दुर्घटना में पत्रकार सपना कुमारी के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद है.
माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा रहीं सपना कुमारी पत्रकारिता की पढ़ाई के बाद न्यूज चैनल के साथ जुड़ी थीं. मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. मृतका के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए हैं.
सड़क हादसे में सपना कुमारी का निधन
15 नवंबर को सुबह करीब 8 बजे सपना कुमारी नीलबड़ से मालवीय नगर स्थित विस्तार न्यूज के ऑफिस आ रही थीं. सपना ने रैपिडो बाइक बुक की थी. बाइक से वे अपने ऑफिस की ओर आ रही थी उसी दौरान उन्हें भदभदा चौहारे पर एक अन्य बाइक सवार ने कट मारा, जिसके बाद उनकी रैपिडो बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सपना सड़क पर गिर गई. इसी दौरान पीछे से आ रहे डंपर ने उन्हें कुचल दिया. इस हादसे में सपना कुमारी का मौके पर ही निधन हो गया.
बक्सर से भोपाल का तय किया सफर
सपना कुमारी मूल रूप से बिहार के बक्सर की रहने वाली थीं. सपना ने भोपाल के माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है. सपना ने 2 मार्च 2026 को विस्तार न्यूज में असिस्टेंट प्रोड्यूसर के रूप में अपने करियर की शुरूआत की थी. उनके माता-पिता असम में काम के सिलसिले में रहते हैं.



