MP के पूर्व मंत्री ढाल सिंह बिसेन बने उत्तराखंड के राज्यपाल, राष्ट्रपति ने 6 राज्यों में किए बदलाव
ढाल सिंह बिसेन
MP News: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के रहने वाले भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और फेरबदल से जुड़े आदेश जारी किए. बिसेन का राजनीतिक सफर विधायक से लेकर कैबिनेट मंत्री और सांसद तक रहा है.
चार बार विधायक और कैबिनेट मंत्री रहे बिसेन
डॉ. ढाल सिंह बिसेन का जन्म सिवनी जिले के पिपरिया गांव में हुआ था. वे चार बार विधायक चुने गए. उन्होंने 1990, 1993, 1998 और 2003 में विधानसभा चुनाव जीतकर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया. अपने राजनीतिक करियर के दौरान वे मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे और राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली.
2019 में बालाघाट से बने थे सांसद
भाजपा ने 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें बालाघाट संसदीय सीट से उम्मीदवार बनाया था. चुनाव जीतने के बाद बिसेन 17वीं लोकसभा के सदस्य बने और 2024 तक सांसद रहे. राजनीति में आने से पहले वे सामाजिक कार्यों से जुड़े रहे थे. अब उन्हें उत्तराखंड के राज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
ओम प्रकाश माथुर को केरल, अर्लेकर को तमिलनाडु भेजा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अन्य राज्यों में भी नियुक्तियां और फेरबदल किए हैं. सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर को केरल का राज्यपाल नियुक्त किया गया है, जबकि केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को तमिलनाडु भेजा गया है.
ओडिशा, कर्नाटक और सिक्किम में भी नई नियुक्तियां
इसके अलावा ब्रज मोहन राम को ओडिशा, डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. राष्ट्रपति की ओर से जारी आदेश के अनुसार, सभी नियुक्तियां संबंधित पदों का कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होंगी.
ये भी पढे़ं- एमपी वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष बने शिवराज सिंह के बेटे कार्तिकेय, निर्विरोध चुने गए