इटारसी-भोपाल और ग्वालियर के यात्रियों के लिए खुशखबरी, नियमित होगी हुबली से ऋषिकेश जाने वाली स्पेशल ट्रेन
फाइल फोटो
रेलवे ने एमपी के यात्रियों को लिए बड़ी खुशखबरी दी है. दरअसल भारतीय रेलवे ने यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए हुबली से ग्वालियर होते हुए योग नगरी ऋषिकेश के बीच चलने वाली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 07363-07364 को अब नियमित रूप से चलाने का फैसला किया है. इस ट्रेन के नियमित हो जाने से सबसे ज्यादा फायदा इटारसी-भोपाल और ग्वालियर के यात्रियों को होगा.
कितने बजे छूटेगी ट्रेन
रेलवे की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार 9 जुलाई से यह ट्रेन 17363-17364 हुबली-योग नगरी ऋषिकेश साप्ताहिक एक्सप्रेस के रूप में स्थायी नंबर के साथ चलेगी. ट्रेन क्रमांक 17363 हुबली-योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार शाम 7:45 बजे हुबली से रवाना होगी. यह विभिन्न स्टेशनों से होते हुए हरदा, इटारसी, रानी कमलापति, बीना, झांसी के रास्ते बुधवार सुबह 7:20 बजे ग्वालियर पहुंचेगी तथा रात 11:30 बजे योग नगरी ऋषिकेश पहुंचेगी.
वापसी का समय शेड्यूल
वापसी की बात करें तो ट्रेन संख्या 17364 योग नगरी ऋषिकेश-हुबली एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार सुबह 6:15 बजे ऋषिकेश से रवाना होगी. यह शाम 6:10 बजे ग्वालियर पहुंचेगी और विभिन्न स्टेशनों से होते हुए तीसरे दिन सुबह 6:30 बजे हुबली पहुंचेगी. इस ट्रेन के नियमित हो जाने से उत्तराखंड के धार्मिक स्थलों जैसे- हरिद्वार और ऋषिकेश की यात्रा करने वालों को ज्यादा सुविधा मिलेगी.
हालांकि ऐसा नहीं है कि इस रूट पर केवल यहीं एकमात्र नियमित ट्रेन है. वर्तमान में ग्वालियर से हरिद्वार के लिए उत्कल एक्सप्रेस और छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस जैसी नियमित ट्रेनें संचालित हैं, लेकिन नई नियमित एक्सप्रेस शुरू होने से यात्रियों के लिए एक और भरोसेमंद विकल्प उपलब्ध हो जाएगा.
ये भी पढ़ें-मऊगंज: नवजात की किलकारी के 24 घंटे बाद मातम! हैवान पति ने मां को उतारा मौत के घाट, बच्ची ने किया खुलासा