मऊगंज: नवजात की किलकारी के 24 घंटे बाद मातम! हैवान पति ने मां को उतारा मौत के घाट, बच्ची ने किया खुलासा
बच्ची ने किया सच उजागर
मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले से मानवता को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है. जिस मां ने एक दिन पहले ही अपनी नवजात बेटी को जन्म दिया था, उसे उसके ही पति ने कथित रूप से इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौत हो गई. सबसे मार्मिक पहलू यह है कि इस पूरी घटना की प्रत्यक्षदर्शी मृतका की छह वर्षीय मासूम बेटी बनी, जिसने कैमरे के सामने अपनी मां की आखिरी चीखों की कहानी बयां की.
शाहपुर थाना क्षेत्र के गौरी गणिगवां गांव का मामला
मामला मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के गौरी गणिगवां गांव का है. जानकारी के अनुसार गांव निवासी आरती कोरी ने रविवार को अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया था. अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पति अर्जुन कोरी उसे घर लेकर आया. परिवार में खुशियों का माहौल होना चाहिए था, लेकिन कुछ ही घंटों में यह खुशी मातम में बदल गई.
मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि अर्जुन कोरी का किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध था, जिसका आरती लगातार विरोध करती थी. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. घटना वाले दिन भी दोनों के बीच इसी मुद्दे को लेकर कहासुनी हुई.
परिजनों का आरोप है कि…
परिजनों का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पति ने पहले प्रसूता पत्नी की चिमटे से बेरहमी से पिटाई की और फिर उसके गले पर पैर रख दिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई. बताया जा रहा है कि आरती काफी देर तक दर्द से तड़पती रही.
इस पूरी घटना को घर में मौजूद छह साल की मासूम बच्ची अपनी आंखों से देख रही थी. बाद में बच्ची ने कैमरे के सामने जो कुछ बताया, उसने सभी को झकझोर कर रख दिया. बच्ची ने बताया कि उसके पिता ने उसकी मां को बुरी तरह मारा था.
गंभीर हालत में आरती को उपचार के लिए हनुमना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद मायके पक्ष में भारी आक्रोश है. परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए आरोपी पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
इधर शाहपुर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रीवा भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा. यदि परिजनों के आरोप सही साबित होते हैं तो आरोपी पति के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी.
एक सवाल जो समाज से जवाब मांगता है…
जिस मां ने एक दिन पहले अपनी नवजात बेटी को जन्म दिया, क्या उसने कभी सोचा होगा कि उसकी जिंदगी का अंत इतनी दर्दनाक परिस्थितियों में होगा? अब एक नवजात बच्ची ने जन्म लेते ही मां को खो दिया है और छह साल की मासूम बेटी की आंखों में वह खौफनाक मंजर हमेशा के लिए कैद हो गया है.
ये भी पढ़ें: ‘न धाम में रहेंगे, न कथा करेंगे…’ शादी की चर्चा के बीच बाबा बागेश्वर का बड़ा फैसला