MP News: सीहोर में हाईटेक कचरा घर जलकर राख, लापरवाही से जली लाखों की संपत्ति, बाहर पड़े कचरे से आग की शंका
सीहाेर के कचरा घर में लगी आग
MP News: सीहोर जिले के इंग्लिशपुरा में बने नगर पालिका के अत्याधुनिक कचरा घर में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई. ‘स्वच्छ भारत’ अभियान के अन्तर्गत लाखों रुपये की लागत के साथ बने इस हाईटेक कचरा घर में लगी आग इतनी तेजी से फैली की कुछ ही देर में पूरा ढांचा जलकर राख हो गया.
स्थानीय लोगों ने बताया कि कचरा घर के बाहर एक कपड़ा व्यापारी ने बड़ी मात्रा में कचरा और वेस्ट मटेरियल यहां फेंका था. उन्होंने बताया कि सोमवार शाम से ही इस जगह पर धुआं उठ रहा था और मंगलवार की सुबह आग ने अचानक विकराल रूप धारण कर लिया.
कचरा घर जलकर हुआ राख
लोगों ने बताया कि कचरा घर के भीतर कचरा डालने की व्यवस्था बनाई गई है, इसके बाद भी लोग बाहर कचरा फेंक देते हैं. उन्होंने कहा कि बाहर जमा हुए कचरे से पूरे परिसर में आग लग गई और हाईटेक कचरा घर को पूरी तरह से अपनी चपेट में ले लिया. इससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है.
नगर पलिका की व्यवस्थाओं पर उठने लगे सवाल
पूरी घटनाके बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ गया और नगर पालिका की सफाई व्यवस्था और निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए. स्थानीय लोगों का कहना है कि कचरा घर के बाहर पड़े कचरे को समय रहते हटाया जाता तो आगजनी को टला जा सकता था.
अधिकारियों ने की कार्रवाई की बात
नगर पालिका के अधिकारियों ने इस पूरे मामले पर कहा कि शहर में नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जाती है. उन्होंने कहा कि कचरा घर के बाहर लगने वाली इस आग के कारणों की जांच की जा रही है. पूरे मामले में दोषियों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढे़ं- बारिश में जर्जर मकान तोड़ने पहुंची नगर निगम की टीम, महिला ने विरोध किया तो अधिकारी पैर पड़ने लगे