MP News: भोपाल के पास चलती ट्रेन में खूनी हमला, अवैध वेंडरों ने पैंट्री कर्मचारियों पर किए चाकू से ताबड़तोड़ वार
भोपाल के पास चलती ट्रेन में खूनी हमला
MP News: भोपाल के पास गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस में चलती ट्रेन के भीतर हिंसा की बड़ी घटना सामने आई है. निशातपुरा और बैरागढ़ रेलवे स्टेशन के बीच अवैध रूप से खाद्य सामग्री बेचने वाले दो आरोपियों ने पैंट्री कार में घुसकर कर्मचारियों पर चाकुओं से हमला कर दिया. हमले में तीन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें एक की हालत नाजुक बताई जा रही है.
IRCTC का खाना न खरीदने का बना रहे थे दबाव
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन में अवैध वेंडर यात्रियों पर IRCTC के अधिकृत भोजन के बजाय उनसे खाना खरीदने का दबाव बना रहे थे. जब पैंट्री कार के कर्मचारियों ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया. आरोप है कि इसी के बाद जितेंद्र खटीक और अंकित सुपारी नाम के दोनों आरोपी धारदार हथियार लेकर ट्रेन में सवार हुए और सीधे पैंट्री कार तक पहुंच गए.
पैंट्री कार में घुसकर किया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों आरोपियों ने पैंट्री कार में पहुंचते ही कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते उन पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले से ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई. घायल कर्मचारियों को लहूलुहान हालत में तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक की स्थिति गंभीर बनी हुई है.
307 के तहत मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और रेलवे पुलिस मौके पर सक्रिय हुई. पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाकर मामले की जांच शुरू कर दी है. आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया गया है. दोनों हमलावर घटना के बाद फरार हो गए, जिनकी तलाश के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है.
ये भी पढे़ं- Satna News: सतना रेलवे स्टेशन पर नशेड़ी यात्री का हंगामा, आरपीएफ जवान पर लाठी से किया हमला