MP News: मध्य प्रदेश में जनगणना की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं. भोपाल की नरोन्हा प्रशासन अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेशभर के कलेक्टरों, संभागायुक्तों और नगर निगम आयुक्तों को जनगणना का काम पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से कराने के निर्देश दिए गए.
प्रशिक्षण में करीब 30 कलेक्टर व्यक्तिगत रूप से शामिल नहीं हुए और उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ने की अनुमति मांगी थी. इस पर मुख्य सचिव ने वीसी से जुड़े कलेक्टरों को नसीहत देते हुए कहा कि वे बैठक के दौरान कोई दूसरा काम न करें, बल्कि पूरी चर्चा को गंभीरता से सुनें.
मुख्य सचिव ने जनगणना के दायरे को लेकर स्पष्ट किया कि देश में मौजूद हर व्यक्ति की गणना होगी. कोई व्यक्ति शरणार्थी हो या किसी कैंप में रह रहा हो, यदि वह देश में मौजूद है तो वह जनगणना का हिस्सा रहेगा. उन्होंने कहा कि जनगणना से मिलने वाला डेटा सरकार की योजनाओं और विकास संबंधी नीतियों का आधार बनता है. इसलिए आंकड़ों की शुद्धता बेहद जरूरी है. डेटा में छोटी-सी गलती भी भविष्य की योजना और उसके क्रियान्वयन को प्रभावित कर सकती है.
मुख्य सचिव ने कलेक्टरों को दिए निर्देश
मुख्य सचिव ने कलेक्टरों को निर्देश दिए कि वे अपने जिलों में फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण में खुद शामिल हों. इस जिम्मेदारी को अधीनस्थ अधिकारियों पर नहीं छोड़ें. उनका कहना था कि जब कलेक्टर खुद प्रशिक्षण में मौजूद रहेंगे तो मैदानी अमले को भी इस काम की गंभीरता का अहसास होगा. सभी संभागायुक्तों को जनगणना की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने और नगर निगम आयुक्तों को शहरी क्षेत्रों में विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए.
उन्होंने लापरवाही पर भी सख्त रुख दिखाया. मुख्य सचिव ने कहा कि यदि कोई कर्मचारी काम में लापरवाही कर रहा है तो उसके खिलाफ शुरुआत में ही कार्रवाई कर दी जाए, ताकि सभी को स्पष्ट संदेश मिले कि जनगणना के काम में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी. उन्होंने जनगणना निदेशालय को बार-बार अलग-अलग सर्कुलर जारी करने के बजाय एक विस्तृत हैंडबुक तैयार करने के निर्देश दिए. इसमें जनगणना से जुड़े सभी दिशा-निर्देश एक जगह उपलब्ध हों, ताकि अधिकारी और कर्मचारी उसी के आधार पर काम कर सकें.
जनगणना के व्यापक महत्व को समझाया
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य सचिव ने जनगणना के आंकड़ों के व्यापक महत्व को भी समझाया. उन्होंने कहा कि जनगणना से केवल आबादी और साक्षरता की जानकारी नहीं मिलती, बल्कि महिला श्रम भागीदारी, रोजगार और प्रति व्यक्ति आय जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं का भी विश्लेषण किया जा सकता है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में इस डेटा का बेहतर इस्तेमाल कर रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों और विकास की नीतियों को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है.
मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने विकास के साथ महिला भागीदारी के संबंध को भी रेखांकित किया. उन्होंने एशियाई देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि जिन देशों में महिलाओं की कामकाजी भागीदारी अधिक है और रोजगार के अवसरों में उन्हें समान अधिकार मिलते हैं, वहां विकास की गति भी बेहतर होती है. उन्होंने महिला श्रम भागीदारी और रोजगार में समान अवसरों से जुड़े आंकड़ों के महत्व पर जोर दिया.
मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि जनगणना को केवल नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया न समझें, बल्कि इसे प्रदेश के भविष्य के विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान मानें. तय समय सीमा में पूरी शुद्धता, बेहतर प्रशिक्षण और प्रभावी निगरानी के साथ इस काम को पूरा किया जाए.
