जनगणना 2027: तैयार हो जाइए! 25 जनवरी से शुरु होगी गिनती, यूपी समेत इन राज्यों का शेड्यूल अलग
फाइल फोटो
देश में जनगणना 2027 के दूसरे चरण के लिए शेड्यूल जारी कर दिया गया है. भारत के रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण ने 30 अक्टूबर 2026 को आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है. जारी शेड्यूल के अनुसार 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक जनगणना का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. जनगणना की रेफरेंस डेट 1 मार्च 2027 की रात 00:00 बजे रखी गई है.
1 मार्च से 5 मार्च 2027 तक रिविजनल राउंड
इससे पहले लोग चाहें तो 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक खुद भी अपनी जानकारी भर सकेंगे. सरकार की ओर से ये भी जानकारी दी गई है कि इसके बाद 1 मार्च से 5 मार्च 2027 तक रिविजनल राउंड होगा. हालांकि, आगामी विधानसभा चुनावों और अत्यधिक बर्फबारी के कारण उत्तर प्रदेश (यूपी) सहित कुछ चुनिंदा राज्यों और क्षेत्रों का शेड्यूल पूरी तरह अलग रखा गया है.
11,718 करोड़ रुपये आवंटित
केंद्रीय कैबिनेट ने जनगणना के लिए 11,718 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं. वहीं जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के बर्फबारी से प्रभावित इलाकों में इस दौरान जनगणना की प्रक्रिया नहीं होगी. इसके अलावा चुनावी राज्यों उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा, मणिपुर और उत्तराखंड में भी इस अवधि में जनगणना नहीं होगी, क्योंकि यहां आने वाले मार्च-अप्रैल महीने में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं. यूपी समेत 4 राज्यों में घर-घर जाकर जनगणना 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक की जाएगी.
जातिगत आंकड़े भी जुटाए जाएंगे
भारत के महापंजीयक एवं जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इन राज्यों को छोड़कर शेष सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 25 जनवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक जनगणना का कार्य किया जाएगा. बता दें कि इस बार की जनगणना में जातिगत आंकड़े भी जुटाए जाएंगे.
ये भी पढ़ें: Shivraj Singh Chouhan Mother Death: शिवराज सिंह चौहान की मां काशी बाई का निधन, एम्स में ली अंतिम सांस