भारत को मिली पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन, 20 नवंबर को भोपाल में राष्ट्र को समर्पित करेंगे शिवराज सिंह चौहान

MP News: भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (एनआईएचएसएडी) ने देश की पहली स्वदेशी एच5एन1 चिकन वैक्सीन विकसित की है.
Shivraj singh Chauhan

शिवराज सिंह चौहान

MP News: भारत ने बर्ड फ्लू से निपटने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (एनआईएचएसएडी) ने देश की पहली स्वदेशी एच5एन1 चिकन वैक्सीन विकसित की है. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को भोपाल में इस वैक्सीन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे. इस पहल से देश में बर्ड फ्लू की रोकथाम और पोल्ट्री उद्योग को होने वाले नुकसान में कमी आने की उम्मीद है.

2006 में पहली बार सामने आया था बर्ड फ्लू

भारत में वर्ष 2006 में पहली बार बर्ड फ्लू के संक्रमण की पुष्टि हुई थी. इसके बाद से एच5एन1 और एच5एन8 वायरस के विभिन्न स्वरूपों के 500 से अधिक प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं. अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा के नाम से पहचानी जाने वाली यह बीमारी मुर्गियों और दूसरी पक्षी प्रजातियों के लिए बेहद खतरनाक है. गंभीर संक्रमण की स्थिति में पक्षियों की मृत्यु दर 100 प्रतिशत तक पहुंच सकती है.

बर्ड फ्लू का असर केवल पक्षियों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे पोल्ट्री कारोबार और किसानों की आर्थिक स्थिति भी प्रभावित होती है. संक्रमण फैलने पर बड़ी संख्या में पक्षियों को मारकर नष्ट करना पड़ता है. इसके अलावा, बीमारी के कारण पोल्ट्री उत्पादों की आपूर्ति और व्यापार पर प्रतिबंध लगने का खतरा भी बना रहता है. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2006 में भारत में बर्ड फ्लू के कारण प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 2,200 से 3,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था.

भोपाल के वैज्ञानिकों ने विकसित की स्वदेशी वैक्सीन

भोपाल के आईसीएआर-एनआईएचएसएडी ने देश में फैल रहे एच5एन1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1ए के खिलाफ यह स्वदेशी वैक्सीन तैयार की है. अब तक इस वायरस स्वरूप के विरुद्ध भारत में कोई विशिष्ट व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी. नई वैक्सीन का उद्देश्य मुर्गियों को संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करना और बीमारी के प्रकोप को नियंत्रित करने में मदद करना है. इसके प्रभावी इस्तेमाल से पोल्ट्री फार्म संचालकों और किसानों को होने वाले आर्थिक नुकसान को कम किया जा सकता है.

इंसानों में संक्रमण फैलने का भी खतरा

एच5एन1 वायरस को लेकर चिंता इसलिए भी बढ़ी है, क्योंकि हाल के वर्षों में पक्षियों के अलावा स्तनधारी जीवों में भी संक्रमण के मामले सामने आए हैं. मनुष्यों में भी इस वायरस से संक्रमण दर्ज किया गया है. विश्व स्वास्थ्य संगठन के आंकड़ों के हवाले से दी गई जानकारी के अनुसार, वर्ष 2003 से अब तक भारत समेत 25 देशों में एच5एन1 संक्रमण के 1,003 मानव मामले सामने आए हैं, जिनमें 479 लोगों की मौत हुई है.

बर्ड फ्लू की रोकथाम को मिलेगी मजबूती

स्वदेशी वैक्सीन का विकास पशु स्वास्थ्य के साथ-साथ सार्वजनिक स्वास्थ्य और पोल्ट्री क्षेत्र की सुरक्षा के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है. 20 नवंबर को भोपाल में होने वाला इसका लोकार्पण देश में पशु रोगों से निपटने के लिए स्वदेशी अनुसंधान और तकनीक को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा. इससे बर्ड फ्लू के प्रकोप को नियंत्रित करने और पोल्ट्री किसानों के हितों की रक्षा करने में मदद मिलने की उम्मीद है.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें