MP में 14 से 16 नवंबर तक मनेगा जनजातीय गौरव दिवस, जबलपुर से होगी शुरुआत

MP News: मध्य प्रदेश में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं. प्रदेश सरकार इस बार तीन दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करेगी.
CM Mohan Yadav

सीएम मोहन यादव

MP News: मध्य प्रदेश में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं. प्रदेश सरकार इस बार तीन दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करेगी. आयोजन 14 नवंबर से शुरू होकर 16 नवंबर तक चलेंगे. इसके तहत जनजातीय समाज के महानायकों के योगदान को याद करने के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों, जनसंवाद और विकास से जुड़ी गतिविधियों पर जोर दिया जाएगा.

जबलपुर से होगा कार्यक्रमों का आगाज

कार्यक्रमों की शुरुआत 14 नवंबर को संस्कारधानी जबलपुर से होगी. इसके बाद 15 नवंबर को धार और आलीराजपुर में सिंचाई परियोजनाओं से संबंधित विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. वहीं, 16 नवंबर को खंडवा में जनजातीय गौरव दिवस का विशेष आयोजन होगा. इसी के साथ तीन दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यक्रमों का समापन किया जाएगा.

15 नवंबर को जिला स्‍तर पर भी होंगे कार्यक्रम

15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रदेश और जिला स्तर पर मुख्य समारोह होंगे. इसके बाद 16 और 17 नवंबर को जनजातीय छात्रावासों में संपर्क अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान युवाओं और विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं, जरूरतों और अपेक्षाओं को समझने का प्रयास किया जाएगा. वहीं, 18 से 20 नवंबर के बीच ग्रामीण इलाकों में जनजातीय गौरव चौपाल लगाई जाएंगी. इनमें पूर्व और वर्तमान विधायक, सांसद तथा भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी जनजातीय समाज के लोगों के बीच पहुंचकर संवाद करेंगे.

विश्वविद्यालयों में स्थापित होंगी बिरसा मुंडा शोध पीठ

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेश के विश्वविद्यालयों में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, विचारों और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान पर केंद्रित शोध पीठ स्थापित करने की भी योजना है. इसका उद्देश्य उनके संघर्ष और विचारधारा पर अध्ययन तथा शोध को बढ़ावा देना है. इसके अलावा प्रदेश के प्रमुख शहरों में सड़कों, भवनों, चौराहों और पार्कों का नामकरण जनजातीय क्रांतिकारियों के नाम पर करने की पहल की जाएगी. प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर जनजातीय महानायकों की प्रतिमाएं स्थापित करने की योजना भी प्रस्तावित है.