जौरा विधायक पंकज उपाध्याय ने विधानसभा में दिया धरना, कैलारस शुगर मिल से जुड़े सवाल के निरस्त होने पर नाराज
मध्य प्रदेश विधानसभा मानसून सत्र: जौरा से कांग्रेस विधायक पंकज उपाध्याय ने दिया धरना
MP Vidhansabha Monsoon Session: मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र (सोमवार) 20 जुलाई से शुरू हो गया है. सत्र के पहले दिन जौरा विधायक पंकज उपाध्याय ने परिसर में गांधी प्रतिमा के पास बैठकर धरना दिया. वे बार-बार सवाल के निरस्त होने से परेशान हैं.
कैलारस शुगर मिल से जुड़ा सवाल निरस्त
विधायक का ये धरना कैलारस शक्कर कारखाने से संबंधित प्रश्न को विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर एवं विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा के द्वारा बार-बार निरस्त करने के विरोध में दिया गया. विधायक ने बताया कि उनके द्वारा अभी तक 5 बार कारखाने से संबंधित प्रश्न लगाए है. सत्र दिसंबर 2025 में,सत्र मार्च अप्रैल 2026 दिनांक 17 फरवरी 2026 में प्रश्न क्र 210 एवं सत्र जुलाई 2026 में प्रश्न क्र 260 दिनांक 20 जुलाई 2026 को प्रश्न लगाए हैं. चार बार इनके द्वारा निरस्त कर दिया जाता है. जब मैंने इनसे पूछा कि यह प्रश्न क्यों निरस्त किए है तो मुझे कोई जवाब नहीं मिला.
‘जवाब ना मिलना विशेषाधिकार का हनन‘
आज भी मैंने विधानसभा के मुख्य सचिव से पूछा कि यह प्रश्न क्यों निरस्त किया गया है तो आज भी मुझे कोई जवाब नहीं दिया गया. इस वजह से मुझे आज मजबूरन विधानसभा परिसर में गांधी जी की प्रतिमा के पास मुझे धरने पर बैठना पड़ा. जब तक बैठूंगा तब तक मुझे मेरे प्रश्नों का उत्तर नहीं मिल जाता. पंकज उपाध्याय ने कहा कि यह उनके संवैधानिक अधिकारों का हनन है. विधानसभा में उनके विशेष अधिकारों का हनन है.
जयवर्धन सिंह ने बताया ज्वलंत मुद्दा
धरने में कांग्रेस पार्टी के तमाम विधायक पहुंचे थे. पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा कि शक्कर कारख़ाने का मामला बहुत ही ज्वलंत मामला है. उनके क्षेत्र में भी एक शक्कर कारखाने का मामला है परंतु विधायकों से उनके प्रश्न तक पूछने का अधिकार भी छीनना यह कठोर अनुशासनहीनता है. अगर ऐसा ही है विधानसभा के कर्मचारियों द्वारा किया जाएगा तो हमें भी कुछ कठोर कदम उठाने होंगे.तराना विधायक महेश परमार भी मौजूद रहे.