‘मध्य प्रदेश की मजबूरी है, नकुलनाथ जरूरी है’, MP कांग्रेस में गुटबाजी, पोस्टर से गायब बड़े नेता
नकुलनाथ के पोस्टर से गायब है कांग्रेस के बडे़ नेता
MP News: मध्य प्रदेश कांग्रेस में एक बार फिर बड़े लेवल पर पार्टी के भीतर आपसी गुटबाजी देखने को मिल रही है. प्रदेश में कांग्रेस की अगली पीढ़ी अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने के लिए मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है. पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ 14 नवंबर को राजधानी भोपाल में अपने समर्थकों और कांग्रेस नेताओं के साथ अपनी सियासी सक्रियता दिखाने का प्लान तैयार कर चुके हैं. ऐसे में भोपाल स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर नकुलनाथ के पोस्टर लगे हैं.
कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर पर लिखा है ‘मध्य प्रदेश की मजबूरी है, नकुलनाथ जरूरी है.’ दफ्तर के बाहर लगे इन पोस्टर से पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत कई बड़े नेता गायब दिखाई दे रहे हैं. कार्यालय के बाहर इन सभी पोस्टर को दिग्विजय समर्थक और अशोकनगर के पूर्व किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुखभान यादव ने लगाए हैं. बता दें कि कुछ दिनों पहले दिग्विजय सिंह ने संगठन में गुटबाजी ने ना होने को लेकर बयान दिया था और जीतू पटवारी और उमंग सिंघार के नेतृत्व में चुनाव होने की बात कही थी.
हजारों समर्थकों के साथ होगा कार्यक्रम
दरअसल, कल भोपाल में नकुलनाथ का बड़ा कार्यक्रम आयोजित होने वाला है. इस कार्यक्रम में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़े कांग्रेस नेताओं के शामिल होने का बात सामने आई है. हजारों समर्थकों के साथ होने वाले इस आयोजन को दीपावली मिलन समारोह तक सीमित नहीं माना जा रहा है, बल्कि इस आयोजन को नकुलनाथ का बड़ा राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है.
कमलनाथ के बंगले पर होगा कार्यक्रम
14 नवंबर को कांग्रेस नेता नकुलनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के श्यामला हिल्स स्थित बंगले पर बाल दिवस और पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के मौके पर दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया है. इसमें प्रदेशभर से कांग्रेस विधायक, पदाधिकारी, नेता, कार्यकर्ता और समर्थकों को आमंत्रित किया है. इस कार्यक्रम में 18 नवंबर को आने वाले कमलनाथ के जन्मदिन को भी धूमधाम से मनाया जाएगा.
कार्यक्रम को राजनीति के नजर से इसलिए देखा जा रहा है, क्योंकि इस कार्यक्रम में कमलनाथ शामिल नहीं होंगे. उन्होंने पहले से तय किए गए कार्यक्रमों का हवाल देते हुए कार्यक्रम में शामिल नहीं होने की जानकारी दी है. ऐसे में पुरी जिम्मेदारी नकुलनाथ के कंधों पर आ गई है. अब उन्हें ही प्रदेश के सभी नेताओं और समर्थकों को एक मंच पर लेकर आना होगा.



