भाेपाल में पहली बार सड़कों पर उतरीं इलेक्ट्रिक बसें, ट्रायल रन शुरू, जानिए ई-बस में क्या है खास
भोपाल में चलेंगी ई-बसें
Bhopal News: भोपाल के सार्वजनिक परिवहन में पहली बार इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. शहर में इन बसों का ट्रायल रन शुरू हो गया है, जो अगले पांच दिनों तक अलग-अलग रूटों पर किया जाएगा. इस दौरान बसों की तकनीकी क्षमता और संचालन से जुड़ी संभावित चुनौतियों का आकलन किया जाएगा. पहले दिन का ट्रायल सफल रहा और बसों ने 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलते हुए घाटी वाले रास्तों पर भी बिना किसी परेशानी के सफर पूरा किया.
भोपाल के साथ आसपास के क्षेत्रों तक चलेगी सेवा
इन इलेक्ट्रिक बसों का संचालन सिर्फ भोपाल शहर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि फंदा, औबेदुल्लागंज, सीहोर, मंडीदीप, भोजपुर और बिलखिरिया जैसे आसपास के क्षेत्रों तक भी किया जाएगा. महापौर मालती राय और नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने बसों का निरीक्षण कर उनकी विशेषताओं की जानकारी ली.
ई-बसों में क्या होंगी सुविधाएं
- सड़कों पर दौड़ने के लिए तैयार खड़ी हर बस में 6 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं. इन बसों की मानीटरिंग बैरागढ़ स्थित डिपो से की जाएगी.
- पूरी ई-बस एयर कंडिशनर है, जिसके चलते गर्मी में यात्रियों को परेशान का सामना न करना पड़े.
- बस में यात्रियों के चढ़ने और उतरने के लिए 2 हाईड्रोलिक डोर की सुविधा उपलब्ध कराई है. इन डोर को खोलने-बंद करने का सिस्टम ड्राइवर के हाथों में होगा.
- ई-बस फुल चार्जिंग के साथ 180 किलोमीटर तक चलेगी. इसकी अधिकतम स्पीड काफी है. इसके अलावा स्पीड गर्वनर 40 किमी प्रतिघंटा रहेगी.
- बस में ड्राइवर समेत कुल 25 सीटें हैं. इसमें से दो दिव्यागों की व्हील चेयर भी खड़ी हो सकती है. वहीं यात्रियों को बीच में खड़े होने की भी जगह मिलेगी.
दो शिफ्ट में हो रहा ट्रायल
ट्रायल के दौरान बसों का संचालन दो चरणों में किया जा रहा है. पहली पारी सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक रखी गई है. फिलहाल बसों को बैरागढ़ डिपो से पुराने भोपाल, बोर्ड ऑफिस, रेलवे स्टेशन (प्लेटफॉर्म नंबर-1) और कोलार के बैरागढ़ चीचली रूट तक चलाकर यातायात और मार्ग की स्थिति का परीक्षण किया जा रहा है.
41 बसों का होगा बेड़ा, चार्जिंग की तैयारी पूरी
नगर निगम के एमआईसी सदस्य मनोज राठौर के अनुसार, अब तक 21 इलेक्ट्रिक बसें भोपाल पहुंच चुकी हैं और अगले 10 से 12 दिनों में 20 और बसें आने की उम्मीद है. इनके संचालन के लिए बैरागढ़ डिपो में 11 चार्जिंग पॉइंट भी तैयार किए जा चुके हैं, ताकि नियमित सेवा शुरू होने पर चार्जिंग में किसी तरह की परेशानी न हो.
ये भी पढे़ं- Bhopal News: भोपालवासियों के लिए खुशखबरी! 10 रूट पर दौड़ेंगी 20 ई-बसें, 2 रुपये से शुरू होगा सफर