MP Weather: एमपी में मूसलाधार बारिश का दौर, IMD ने 14 जिलों में जारी किया अलर्ट, जानें आज कैसा रहेगा मौसम
आज का मौसम
MP Weather News: मध्य प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है. मंगलवार को रीवा और बालाघाट समेत 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में कुछ इलाकों में 4 से 8 इंच तक बारिश हो सकती है. प्रदेश में अगले तीन दिनों तक तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
रीवा-बालाघाट में ऑरेंज अलर्ट
रीवा और बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है. वहीं टीकमगढ़, छतरपुर, सागर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, कटनी, शहडोल, सीधी और सिंगरौली में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.
कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश
भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, नर्मदापुरम, बैतूल, खरगोन, खंडवा, सतना, पन्ना समेत कई जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है. मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है.
पहली बार खुलेंगे बरगी बांध के गेट
मंडला-डिंडौरी क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते इस सीजन में पहली बार बरगी बांध के गेट खोले जाएंगे. मंगलवार सुबह 11 बजे 9 गेट 0.78 मीटर की औसत ऊंचाई तक खोले जाएंगे. इससे 1031 क्यूमेक पानी छोड़ा जाएगा. 17 अगस्त की रात बांध का जलस्तर 420.80 मीटर दर्ज हुआ, जबकि पानी की आवक 1620 क्यूमेक थी.
कई जिलों में सामान्य से कम बारिश
प्रदेश के पूर्वी हिस्से के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में अब तक सामान्य से करीब 19% तक कम बारिश हुई है. बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, मंडला, रीवा, सागर, सतना समेत कई जिलों में बारिश की कमी 4% से 58% तक है. पश्चिमी हिस्से के भी कई जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है.
15 जिलों में औसत से ज्यादा पानी
अनूपपुर, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, बड़वानी, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, देवास, ग्वालियर, खंडवा, खरगोन, राजगढ़ और गुना में औसत से ज्यादा बारिश दर्ज हुई है.
कई मौसम सिस्टम एक्टिव
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी मध्य प्रदेश में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. ऊपरी स्तर पर दो अन्य चक्रवाती सिस्टम और दक्षिणी हिस्से में शीयर जोन बना हुआ है. इन सिस्टम के असर से 17 से 21 अगस्त तक प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
ये भी पढे़ं- MP Weather: एमपी में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, IMD ने 13 जिलों में जारी किया अलर्ट, जानें मौसम का अपडेट