मध्यप्रदेश में दिवाली के दिन एंबुलेंस को मिले 503 इमरजेंसी केस, हर घंटे 21 लोग हुए हादसे का शिकार
मध्यप्रदेश में दीपावली के दिन हादसे
MP Diwali Emergency Case: मध्यप्रदेश में दीपावली का दिन हादसों से भरा रहा. एक ही परिवार के 6 लोगों की कटनी में मौत हो गई, वहीं, सिवनी में भी मकान में आग लगने से 6 लोगों की मौत हो गई. वहीं, चित्रकूट में भी रीवा के श्रद्धालुओं की मौत हो गई. अब इसके आंकड़े सामने आए हैं. मध्यप्रदेश में दिवाली के 24 घंटे में एंबुलेंस को कुल 503 इमरजेंसी केस मिले. दिवाली पर पटाखों से जलने और सड़क हादसों के मामलों में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई.जानकारी के मुताबिक, एमपी में दिवाली के दिन 13 मौतें हुईं.
जलने के मामलों में भी हुई बढ़ोतरी
एक दिन पहले के मुकाबले हादसों और जलने के मामलों में करीब 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है. 108 एंबुलेंस सेवा के आंकड़ों के अनुसार, 8 नवंबर दोपहर 12 बजे से 9 नवंबर दोपहर 12 बजे तक के 24 घंटे में कुल 503 इमरजेंसी केस दर्ज किए गए. यानी प्रदेश में हर घंटे औसतन 21 लोग हादसों या जलने की घटनाओं के शिकार हुए.
दिवाली के पहले सबसे ज्यादा केस दर्ज
दिवाली के पहले 12 घंटे में सबसे ज्यादा 367 केस दर्ज किए गए. रात 12 बजे से अगले दिन दोपहर 12 बजे तक 136 मामले सामने आए. कुल मामलों में करीब 73 प्रतिशत घटनाएं पहले 12 घंटे में ही हुईं, जब दिवाली की आतिशबाजी अपने चरम पर थी.
जिलेवार आंकड़ों में सागर में सबसे ज्यादा 34 केस सामने आए. इंदौर 31 मामलों के साथ दूसरे नंबर पर रहा. इसके अलावा भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन में भी बड़ी संख्या में इमरजेंसी केस दर्ज किए गए. पटाखे जलाते समय हाथ, चेहरा और आंख जलने के मामले सबसे ज्यादा आए.
ड्रिंक एंड ड्राइव के मामले भी सामने आए
वहीं तेज रफ्तार, शराब पीकर गाड़ी चलाना और भीड़भाड़ के कारण सड़क हादसों में भी इजाफा हुआ. कई जगहों पर एंबुलेंस को पहुंचने में भी दिक्कत हुई, लेकिन 108 की टीम ने तत्परता से मरीजों को अस्पताल पहुंचाया.


