‘5 वर्किंग डे की मांग अगर नहीं मानी तो होगा बड़ा आंदोलन’, MP में आज से बैंक हड़ताल, 3 दिन के लिए बंद
मध्य प्रदेश में बैंक हड़ताल
MP Bank Strike Today: मध्य प्रदेश में आज बैंक का कामकाज ठप हो गया है और सभी बैंककर्मी हड़ताल पर बैठ गए हैं. 5 डे वीक वर्किंग यानी, पांच दिवसीय सप्ताह की मांग को लेकर प्रदेश के करीब 40 हजार बैंककर्मी काम नहीं करेंगे. सबसे बड़ी बात तो ये है कि बैंक की ये हड़ताल एक दिन की है लेकिन इसका असर तीन दिनों तक दिखेगा. ऐसा इसलिए क्योंकि आज शुक्रवार है और शनिवार रविवार को सरकारी छुट्टी रहती है. इसलिए आज समेत आने वाले तीन दिनों तक बैंक पूरी तरह से बंद रहेंगे.
जनता पर हड़ताल का असर
सभी बैंक कर्मचारी यूनाइटेड फॉर्म ऑफ बैंक यूनियंस के बैनरतले ये प्रदेशव्यापी हड़ताल होने जा रही है. इस हड़ताल का असर सीधे तौर पर जनता पर पड़ने वाला है क्योंकि हड़ताल के दौरान बैंक से पड़ी रकम नहीं निकाल सकेंगे. चेक जमा करने और क्लियरेंस में देरी होगी.
हालांकि गौर करने वाली बात ये है कि हड़ताल से पहले यूनियनों और सरकार के बीच बातचीत का दौर चला, लेकिन मांगों पर सहमति नहीं बन सकी. इसके बाद यूनियनों ने शुक्रवार की हड़ताल को जारी रखने का फैसला किया.
बैंक यूनियनों की मुख्य मांग
बैंक यूनियनों की मुख्य मांग है कि हर शनिवार को छुट्टी घोषित कर पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू किया जाए। अभी महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को बैंक बंद रहते हैं. इसके साथ ही यूनियनों ने प्रस्ताव रखा है कि शनिवार की छुट्टी के बदले सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना 40 मिनट एकस्ट्रा काम कराया जा सकता है, यानी कि कर्मचारियों के काम में कुल घंटे में बड़ी कमी न आए पर छुट्टी हफ्ते में दो दिन मिलनी चाहिए.
बैंक यूनियनों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल की जाएगी. इसके अलावा यदि बातचीत से समाधान नहीं निकला, तो 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की भी चेतावनी दी गई है.
ये भी पढे़ं- सागर जहरीली शराब कांड: CM मोहन यादव ने न्यायिक जांच के आदेश दिए, बदले गए कमिश्नर-आईजी