एमपी में महंगा होगा बस का सफर, सरकार ने 75 फीसदी तक बढ़ाया किराया, बस ऑपरेटर्स की हड़ताल से पहले एक्शन
एमपी में बस से सफर हुआ महंगा
MP Govt Increases Bus Fares: मध्य प्रदेश में बस से सफर महंगा होने वाला है. यात्रियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने के लिए अधिक रुपये खर्च करने होंगे. किराये में 10 से लेकर 75 फीसदी तक की वृद्धि हो होने वाली है. संशोधित किराया 5 अगस्त से ही प्रभावी हो गया है. रात्रि सेवा, डीलक्स (नॉन एसी), स्लीपर, डीलक्स बस (एसी) और सुपर लग्जरी कोच (एसी) श्रेणी के किराये में बढ़ोतरी की गई है.
किस श्रेणी का कितना किराया बढ़ा?
परिवहन विभाग की ओर से जारी निदेश में बसों के किराये वृद्धि की जानकारी दी गई. मोटरयान अधिनियम 1988 की धारा 67 की उपधारा – 1 के तहत संशोधित किराये को मंजूरी दी गई है. इसमें कहा गया है कि सिटी बस के किराये में कोई बढोतरी नहीं होगी. न्यूनतम किराया 10 रुपये रखा गया है.
- सामान्य मंजिली बस – 2 रुपये प्रति किलोमीटर
- रात्रि बस सेवा – सामान्य मंजिली बस से 10 फीसदी ज्यादा
- डीलक्स बस (नॉन एसी) – सामान्य मंजिली बस से 25 प्रतिशत ज्यादा
- स्लीपर बस – सामान्य मंजिली बस से 40% अधिक होगा
- डीलक्स बस (एसी) – सामान्य मंजिली बस से 50 प्रतिशत ज्यादा
- सुपर लग्जरी कोच (एसी) – सामान्य मंजिली बस से 75 फीसदी अधिक
एक्सप्रेस बस को भी राहत
परिवहन विभाग के इस निदेश में एक्सप्रेस बस सेवा को राहत दी गई है. यात्रियों से अतिरिक्त प्रभार नहीं लिया जाएगा, इससे राहत मिलेगी. किराया निर्धारित हो जाने से बस संचालक की मनमानी नहीं होगी. इसके साथ बताया गया है कि मध्य प्रदेश के परिवहन आयुक्त को जिम्मेदारी दी गई है कि समय-समय पर दिशा-निर्देश जारी कर सकेंगे.
ये भी पढ़ें: MP में अब ग्राहकों को बताना होगा पनीर एनालॉग है या नहीं, नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
बस ऑपरेटर्स हड़ताल पर जाने वाले थे
बस ऑपरेटर्स 7 अगस्त से हड़ताल पर जाने वाले थे. इससे पहले एमपी सरकार ने किराये में वृद्धि का आदेश जारी कर दिया. बस ऑपरेटर्स और सरकार के बीच सोमवार (3 अगस्त) को बात हुई थी. इस मुलाकात में ऑपरेटरों के द्वारा सरकार के सामने किराया वृद्धि समेत 7 मांग रखी थीं. मांग ना पूरी होने पर 7 अगस्त से हड़ताल पर जाने की बात कही थी.