MP Bus Fare: मध्य प्रदेश में बसों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक अहम खबर है. बस ऑपरेटर्स ने सरकार को किराया बढ़ाने का प्रस्ताव दिया है. परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह से मिलकर एमपी बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने ये जानकारी दी है. संचालकों ने चेतावनी भरे में लहजे में कहा है कि 7 दिनों में किराया बढ़ोतरी पर निर्णय नहीं लिया गया तो सामूहिक रूप से हड़ताल पर जाएंगे.
बस संचालकों का क्या कहना है?
बस ऑपरेटर्स ने किराया बढ़ाने की मांग की है. उनका कहना है कि किराया ना बढ़ाए जाने से कारोबार पिछले 5 सालों से घाटे में है. डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. इसके साथ ही संचालकों ने कहा कि वाहनों के रखरखाव का खर्च बढ़ता जा रहा है. यही कारण है कि कई बस संचालक बस का नियमित मेंटेनेंस नहीं करा पा रहे हैं. इस वजह से बसों का संचालन घाटे का सौदा बन रहा है.
किराये में कितने रुपये बढ़ाने की मांग?
बसों के किराए में 2.50 रुपये प्रति किमी बढ़ाने की मांग ऑपरेटर्स ने की है. आखिरी बार किराया 20 अप्रैल 2021 को बढ़ाया गया था. उस समय 1.25 रुपये प्रति किमी की बढ़ोतरी की गई थी. वहीं, संचालकों ने 1.65 रुपये प्रति किमी की मांग रखी थी. किराए को बढ़ाने की मांग पर कैबिनेट मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि जल्दी ही इस बारे में फैसला लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें: निमाड़ की बदलेगी तस्वीर! NH-347 होगा अपग्रेड, बड़वानी से बैतूल की राह होगी आसान
‘यात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं’
एसोसिएशन के महामंत्री जयकुमार जैन और सुरेंद्र तनवानी का कहना है कि महंगाई बढ़ने के कारण वाहनों के रखरखाव पर असर पर पड़ रहा है लेकिन यात्रियों की सुरक्षा से समझौता नहीं कर सकते हैं. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मई के महीने में डीजल की कीमत चार बार बढ़ चुकी हैं. इससे संचालन की लागत भी बढ़ गई है.
