एमपी बोर्ड के मेधावी छात्रों का इंतजार खत्म, 16 सितंबर को 7,500 से ज्यादा स्टूडेंट्स को मिलेगी स्कूटी

MP Scooty Yojana 2026: मध्य प्रदेश बोर्ड के मेधावी छात्रों के लिए खुशखबरी है. सरकार 16 सितंबर को मेधावी छात्रों को स्कूटी देने जा रही है.
MP Scooty Yojana 2026

फाइल फोटो

MP Scooty Yojana 2026: एमपी बोर्ड के छात्रों के लिए खुशखबरी है. आने वाले 16 सिंतबर को राज्य सरकार की तरफ से एमपी बोर्ड के 7500 से अधिक मेधावी छात्रों को स्कूटी देने जा रही है. ये स्कूटी उन विद्यार्थियों को मिलेगी जिन्होंने सरकारी स्कूलों से 12वीं की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है. बता दें पहले स्कूटी वितरण का कार्यक्रम 11 सितंबर को होने वाला था लेकिन फिर अंतिम समय में संशोधन करके इसके लिए 16 सितंबर की तारीख तय की गई.

70 प्रतिशत से ज्यादा अंक

सरकार की इस योजना का फायदा केवल उन्हीं विद्यार्थियों को मिलेगा जिन्होंने 12वीं 70 प्रतिशत से ज्यादा अंक हासिल किए हैं. वहीं इस योजना के तहत विद्यार्थियों को पेट्रोल और ई-स्कूटी में से किसी एक का चुनाव करने का ऑप्शन भी मिलेगा. मध्य प्रदेश सरकार छात्रों को स्कूटी खरीदने के लिए 1 लाख रुपये से 1.25 लाख रुपये तक की सहायता राशि प्रदान करेगी.

ई-स्कूटी लेना ज्यादा पसंद कर रहे छात्र

बता दें कि पहले पहले सरकारी स्कूल के 60 फीसदी अंक वाले स्कूल टॉपर भी योजना के पात्र थे लेकिन बाद में इसकी पात्रता में संशोधन करते हुए 70 प्रतिशत से ऊपर का मानक तय कर दिया गया. इस साल ई-स्कूटी के प्रति विद्यार्थियों का रुझान बढ़ा है. पेट्रोल की जगह छात्र ई-स्कूटी लेना ज्यादा पसंद कर रहे हैं.

पिछले साल 7,832 छात्रों को दी गई थी स्कूटी

इस योजना के लिए विभाग के पास करीब 200 करोड़ रुपए का बजट मौजूद है. गौरतलब है कि पिछले साल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 7,832 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को स्कूटी की चाबी सौंपकर सम्मानित किया था. भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बधाई दी गई थी और सुरक्षित वाहन चलाने, लाइसेंस बनवाने तथा नंबर प्लेट लगवाने की सलाह भी दी गई थी.

 यह भी पढे़ं- सागर जहरीली शराब कांड: CM मोहन यादव ने न्यायिक जांच के आदेश दिए, बदले गए कमिश्नर-आईजी

ज़रूर पढ़ें