MP टूरिज्म का कंटेंट क्रिएटर्स को बड़ा तोहफा, वीडियो बनाएं और पाएं बड़ा प्लेटफॉर्म, शुरू हुआ रजिस्ट्रेशन
एमपी टुरिज़म विभाग ने नया अभियान चलाया
Content Creator Registration Drive: अगर आप भी एक कंटेंट क्रिएटर हैं और बेहतरीन कंटेंट बनाकर अच्छा-खासा पैसा कमाना चाहते हैं, तो यह खबर आपके बड़े काम की है. मध्य प्रदेश का पर्यटन विभाग प्रदेश के कंटेंट क्रिएटर्स के लिए एक खास तोहफा लेकर आया है. दरअसल, मध्य प्रदेश अपनी ऐतिहासिक इमारतों, सांस्कृतिक धरोहरों और खूबसूरत प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जाना जाता है. प्रदेश में कई ऐसे प्रसिद्ध स्थान हैं, जिनके बारे में न तो आम जनता को पता है और न ही पर्यटकों को. इन खूबसूरत नजारों और पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी देने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग ने ‘सफरनामा- हिंदुस्तान का दिल देखो’ नामक एक नई पहल की शुरुआत की है.
इस नई पहल का उद्देश्य क्या है?
बता दें कि विभाग द्वारा शुरू की गई इस नई पहल का उद्देश्य प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक धरोहरों, लोक संस्कृति और अनदेखे पर्यटन स्थलों को जनता के साथ-साथ देश-दुनिया तक पहुंचाना है. मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग ने इस खास और महत्वपूर्ण पहल का संचालन मोटरसाइकिल राइडिंग संस्था ‘महू राइडर्स क्लब एसोसिएशन’ के साथ मिलकर शुरू किया है.
छिपे हुए एमपी को नई पहचान दिलाएंगे क्रिएटर्स
इस अभियान के तहत बाइक राइडर्स और ट्रैवल ब्लॉगर्स मध्य प्रदेश के कोने-कोने में जाएंगे और वहां की अनोखी चीजों को दुनिया के सामने लाएंगे. इसका मकसद केवल फेमस जगहों को दिखाना नहीं है, बल्कि उन अनजाने गांवों, ऐतिहासिक इमारतों, लोकल कला-संस्कृति, जंगलों और प्राकृतिक नजारों को भी पहचान दिलाना है, जो अब तक लोगों की नजरों से छिपे हुए हैं.
एमपी टूरिज्म देगा नए क्रिएटर्स को बड़ा प्लेटफॉर्म
महू राइडर्स क्लब के फाउंडर डॉ. सौरंभ मोहंती ने बताया कि इस अभियान में दो कैटेगरी हैं. पहली ट्रैवल क्रिएटर्स की और दूसरी बाइक राइडर्स की. दोनों के लिए रजिस्ट्रेशन जरूरी है. क्रिएटर्स अपने वीडियो ‘सफरनामा’ के इंस्टाग्राम पेज पर भेज सकते हैं. सही पाए जाने पर मध्य प्रदेश पर्यटन विभाग इन वीडियो को अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया पर शेयर करेगा. इससे नए क्रिएटर्स को एक बड़ा प्लेटफॉर्म मिलेगा.
ये भी पढ़ें-सतपुड़ा की रानी पचमढ़ी के 7 बेस्ट टूरिस्ट स्पॉट, जो किसी जन्नत से कम नहीं
रोमांचक चैलेंज और खास गिफ्ट्स मिलेंगे
जानकारी के अनुसार, अभियान के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं, जिसकी फीस दो हजार रुपये है. इसमें राइडर्स को ऐतिहासिक जगहों की जानकारी जुटाने और स्थानीय संस्कृति को दिखाने जैसे रोमांचक चैलेंज पूरे करने होंगे. हर चैलेंज पूरा करने पर राइडर्स को आकर्षक रिवॉर्ड्स और पर्यटन विभाग की ओर से खास गिफ्ट्स मिलेंगे.