MP Weather: 10°C के नीचे पहुंचा एमपी में पारा, हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी ठंडा इंदौर
MP में कड़ाके की ठंड
MP Weather: मध्य प्रदेश के मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ने लगी है. प्रदेश के कई शहरों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या इसके नीचे पहुंच गया है. अमरकंटक, करौंदी और कल्यानपुर एमपी के सबसे ठंडे शहर हैं. वेस्टर्न हिमालयन रीजन में बर्फबारी और बारिश का असर आने वाले दिनों में देखने को मिल सकता है और तापमान में और भी गिरावट दर्ज की जा सकती है.
मौसम विभाग ने पहले भी अनुमान जताया था कि 10 नवंबर के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. कश्मीर से लेकर उत्तराखंड तक बारिश और बर्फबारी हो रही है जिसका असर देखने को अब मिल रहा है. मध्य प्रदेश के कई शहरों का तापमान सामान्य से 2 डिग्री सेल्यियस तक कम रहा है.
कल्याणपुर सबसे ठंडा
मध्य प्रदेश के शहरों के तापमान की बात करें तो सबसे ज्यादा ठंड बीती रात कल्याणपुर में रही, जहां तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस था. वहीं अमरकंटक का तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस और कटनी के करौंदी का तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
अन्य शहरों में दमोह 11.5 डिग्री, शाजापुर से लगे गिरवर कस्बे में 11.8 डिग्री और इंदौर में 12.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. एमपी के हिल स्टेशन पचमढ़ी का तापमान 13.2 डिग्री था. इस तरह से इंदौर पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंडा रहा.
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस था, जबकि जबलपुर-मंडला में 13.2 डिग्री सेल्सियस, नौगांव में 13.4 डिग्री सेल्सियस, रीवा में 13.6 डिग्री सेल्सियस और भोपाल-खजुराहो में 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
कई शहरों में बढ़ा AQI
दूसरी तरफ, दिवाली के बाद भोपाल-इंदौर और उज्जैन जैसे शहरों की हवा भी जहरीली हुई है. इंदौर का AQI 320 के पार पहुंच गया था. वहीं भोपाल में भी AQI 250 के पार था. वायु प्रदूषण के कारण विजिबिलिटी कम हुई है. सुबह में कोहरा जैसी स्थिति और रात में धुंध छा जाती है. हालांकि, अब धीरे-धीरे इसमें कमी दर्ज की जा रही है.



