Vistaar NEWS

‘सोना ना खरीदने की अपील करने वाले विधायकों की शॉपिंग कर रहे’, MP राज्यसभा चुनाव को लेकर पवन खेड़ा का BJP पर तंज

Pawan Khera (File Photo)

पवन खेड़ा(File Photo)

MP Rajya Sabha Election: मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव में तीसरी सीट को लेकर मुकाबला दिलचस्प हो गया है. राज्यसभा की दो सीटें जीतने के लिए बीजेपी के पास विधायकों की पर्याप्त संख्या है. बीजेपी ने तीसरी सीट पर भी अपना कैंडिडेट उतार दिया है. लेकिन तीसरी सीट पर जीत के लिए बीजेपी के पास विधायकों का संख्या बल नहीं है. बीजेपी के पास 10 विधायक कम हैं. बीजेपी के तीसरा कैंडिडेट उतारने पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने हमला बोला है.

‘सोना ना खरीदने की अपील करने वाले विधायकों की शॉपिंग कर रहे’

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर ट्वीट करके लिखा, ‘झारखंड और मध्य प्रदेश में संख्या बल ना होते हुए भी एक बार फिर खरीद-फरोख्त की मंशा से भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार खड़े कर दिए हैं. देश के लोगों को कम तेल खाने और सोना ना खरीदने की सलाह देने वाले प्रधानमंत्री अब विधायकों की शॉपिंग करने निकलेंगे.’

‘हरियाणा की तरह इस चुनाव में भी मुंह की खानी पड़ेगी’

पवन खेड़ा ने आगे कहा, ‘जैसे हरियाणा राज्य सभा चुनाव में करोड़ों रूपये लगाने के बावजूद भाजपा ने मुंह की खाई थी, आगामी चुनाव में भी उनका यही हाल होगा. भाजपा के छल-बल का जवाब इंडिया गठबंधन परिवार मजबूती से देगा.’

MP से राज्यसभा की तीसरी सीट को लेकर सियासत गरमाई

मध्य प्रदेश में तीन राज्यसभा की सीटें खाली हो रही हैं. तीन में से दो राज्यसभा सीटों पर बीजेपी की जीत लगभग तय है. सारा खेल तीसरी सीट को लेकर है. विधायकों की संख्या के आधार पर अब तक माना जा रहा था कि बीजेपी को 2 सीट और कांग्रेस के खाते में एक सीट जा सकती है. लेकिन बीजेपी ने तीसरी सीट पर भी अपना प्रत्याशी उतार दिया है. कांग्रेस को अब तीसरी सीट पर क्रॉस वोटिंग का डर सता रहा है. ऐसे में कांग्रेस अपने विधायकों की बाड़ाबंदी करने में जुटी हुई है.

ये भी पढ़ें: ‘मैं पार्टी के साथ हूं, BJP के तीसरे कैंडिडेट की जानकारी नहीं’, कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा ने भाजपा से संपर्क होने का खंडन किया

Exit mobile version