‘मैं पार्टी के साथ हूं, BJP के तीसरे कैंडिडेट की जानकारी नहीं’, कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा ने भाजपा से संपर्क होने का खंडन किया
कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा ने भाजपा से संपर्क होने का खंडन किया.
MP Rajya Sabha Election: मध्य प्रदेश में तीसरी राज्यसभा सीट के लिए बीजेपी ने अपना प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतार दिया है. बीजेपी के प्रत्याशी उतारने से मामला दिलचस्प होने के साथ ही अटकलों का बाजार गर्म हो गया है. तीसरी सीट पर जीत के लिए बीजेपी को 10 और विधायकों की जरूरत है. ऐसे में कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग का खतरा सता रहा है. रीवा से कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा के भी बीजेपी से संपर्क होने की चर्चा थी. लेकिन अब खुद कांग्रेस विधायक ने इस बात का खंडन कर दिया है.
‘मैं अपने अध्यक्ष को बताकर मुंबई गया था’
राज्यसभा चुनाव को लेकर अभय मिश्रा ने कहा कि मैं पार्टी के साथ हूं. विस्तार न्यूज से बात करते हुए अभय मिश्रा ने नामांकन से दूरी बनाने की वजह बताई. उन्होंने कहा, ‘संशय का इलाज मैं नहीं कर सकता हूं. संशय सबकी खोपड़ी और दिमाग में है. बीजेपी के नेता से मेरा कोई लेना देना नहीं है. हम क्यों बीजेपी से बात करेंगे. आप लोग मजाक करते हैं. छोड़िए मजाक मत करिए. हमने अपने अध्यक्ष को बताया था कि क्षेत्र में कुछ काम है और मैं मुंबई जा रहा हूं. मैं उनको बताकर निकल गया था. इसके बाद कल भी मैं नेता प्रतिपक्ष को बताकर आया था.’
‘BJP के तीसरा कैंडिडेट उतारने की जानकारी भी नहीं’
कांग्रेस विधायक से जब सवाल किया गया कि बीजेपी ने कम विधायक के बावजूद अपना तीसरा कैंडिडेट उतार दिया है. अभय मिश्रा ने कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है. मिश्रा ने कहा, ’35 साल से हमने ना अखबार पढ़ा, ना टीवी देखी, ना व्हाट्सएप देखते हैं. हमको नहीं पता कि बीजेपी ने तीसरा कैंडिडेट उतारा है.’
बता दें आज राज्यसभा की तीसरी सीट पर नामांकन का आखिरी दिन था. कांग्रेस से मीनाक्षी नटराजन ने, और भाजपा की तरफ से महेश केवट ने नामांकन दाखिल किया है.
ये भी पढे़ं: ‘BJP पहले अपना घर संभाले, उनके कई विधायक हमारे संपर्क में’, उमंग सिंघार बोले- कांग्रेस के सभी MLA एकजुट