MP Weather Update Today: एमपी में मेहरबान हुआ प्री-मानसून, कई जिलों में टूटे बारिश के रिकॉर्ड, भोपाल में हुई 2 इंच बारिश
मध्य प्रदेश मौसम
MP Weather Update Today: मध्य प्रदेश में इस साल मानसून सामान्य से कमजोर रहने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग (IMD) के अनुमान के मुताबिक भोपाल, इंदौर, जबलपुर समेत प्रदेश के 47 जिलों में सामान्य से कम, यानी करीब 90 से 95 प्रतिशत तक बारिश दर्ज हो सकती है. हालांकि मानसून की आधिकारिक एंट्री अभी नहीं हुई है, लेकिन प्री-मानसून गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं और कई इलाकों में अच्छी बारिश देखने को मिली है.
14 जिलों में सामान्य से कई गुना ज्यादा बारिश
1 से 9 जून के बीच प्रदेश में औसतन आधा इंच से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है. इस दौरान 14 जिलों में सामान्य से कहीं ज्यादा बारिश हुई है. निवाड़ी, भोपाल, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, श्योपुर, अलीराजपुर, अशोकनगर, देवास, हरदा, मुरैना, राजगढ़, सीहोर और शाजापुर उन जिलों में शामिल हैं, जहां वर्षा का आंकड़ा सामान्य से 100 प्रतिशत से लेकर 672 प्रतिशत तक पहुंच गया है.
निवाड़ी और नीमच में सबसे ज्यादा असर
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो निवाड़ी में सामान्य 1.9 मिमी के मुकाबले 14.7 मिमी वर्षा दर्ज हुई है, जो 672 प्रतिशत अधिक है. नीमच में भी सामान्य से कई गुना ज्यादा बारिश हुई है. वहीं आगर-मालवा, भोपाल, मंदसौर और श्योपुर जैसे जिलों में भी सामान्य औसत से कहीं अधिक पानी गिर चुका है. अन्य कई जिलों में भी वर्षा का स्तर सामान्य आंकड़ों को पार कर चुका है.
बारिश के बीच भी नहीं थमी गर्मी
दूसरी ओर, आंधी और बारिश के बावजूद प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी का असर कम नहीं हुआ है. मंगलवार को छतरपुर जिले के खजुराहो में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन के सबसे अधिक तापमान में शामिल है. प्रदेश के 26 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया.
इन शहरों में भी रहा तेज गर्मी का असर
मौसम विभाग के अनुसार दतिया में 44 डिग्री, राजगढ़, रीवा और टीकमगढ़ में 43 डिग्री के आसपास तापमान रहा. इसके अलावा नौगांव, सतना, गुना, मंडला, श्योपुर, उमरिया, रायसेन, शाजापुर, खरगोन और दमोह सहित कई शहरों में भी भीषण गर्मी का असर बना रहा. प्रदेश के प्रमुख शहरों में ग्वालियर का तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में तापमान करीब 40 डिग्री रहा.
आज इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने बुधवार को बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, जबलपुर, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर जिलों में बारिश की संभावना जताई है. वहीं प्रदेश के कई अन्य जिलों में गर्मी और उमस का असर बने रहने की संभावना है. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की दस्तक से पहले प्री-मानसून गतिविधियां अभी कुछ दिनों तक जारी रह सकती हैं.
ये भी पढे़ं- MP Weather Update Today: एमपी में अगले सप्ताह दस्तक देगा मानसून, IMD ने 20 जिलों में जारी किया आंधी-बारिश का अलर्ट