स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिलों को लेकर जनता का गुस्सा फूटा, रायसेन में हिंदू -मुस्लिम संगठनों ने एक साथ ऑफिस का घेराव किया

प्रदर्शन के बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने बिजली कंपनी के महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा. इसमें स्मार्ट मीटर हटाने, बढ़े बिलों में राहत देने और अतिरिक्त शुल्क व बकाया वसूली वापस लेने की मांग की गई है.
People protest against smart meters in Raisen.

रायसेन में स्मार्ट मीटर के विरोध में लोगों का प्रदर्शन.

Input- विजय राठौर

MP News: रायसेन में स्मार्ट मीटर और बेतहाशा बढ़े बिजली बिलों के खिलाफ जनता का गुस्सा फूट पड़ा. हिंदू और मुस्लिम संगठनों के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव किया. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बिना सहमति के घरों में स्मार्ट मीटर थोपे जा रहे हैं, जिसके बाद बिजली बिल 3 हजार से लेकर 7 हजार रुपये तक आ रहे हैं. जनता ने स्मार्ट मीटर हटाने और बिलों की समीक्षा की मांग की है.

बिजली बिल को लेकर आक्रोश रैली निकाली

गुरुवार को रायसेन शहर में नागरिकों ने एक शांतिपूर्ण आक्रोश रैली निकाली और बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे. हाथों में तख्तियां थामे लोगों ने ‘स्मार्ट मीटर हटाओ, बिजली हमारा अधिकार है’ जैसे नारे लगाए. इस आंदोलन में हिंदू और मुस्लिम संगठनों के पदाधिकारियों सहित सैकड़ों परेशान उपभोक्ता शामिल हुए.

स्मार्ट मीटर के बाद बिजली बिल कई गुना बढ़े

उपभोक्ताओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से उनके बिजली बिल कई गुना बढ़ गए हैं, जिससे मध्यमवर्गीय परिवारों का बजट बिगड़ गया है. आरोप है कि चेकिंग के नाम पर बिजली कर्मी घरों में घुसकर बिना अनुमति मीटर बदल रहे हैं. जनता की मांग है कि इस प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगे.

प्रदर्शन के बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने बिजली कंपनी के महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा. इसमें स्मार्ट मीटर हटाने, बढ़े बिलों में राहत देने और अतिरिक्त शुल्क व बकाया वसूली वापस लेने की मांग की गई है.

ये भी पढ़ें: मरीजों की जान से खिलवाड़ पड़ा भारी! ग्वालियर में 108 एंबुलेंस कंपनी पर 6.66 लाख का जुर्माना, औचक निरीक्षण में मिली थी गड़बड़ी

ज़रूर पढ़ें