MP Weather: एमपी में 19 जुलाई से तेज होगी बारिश की रफ्तार! 35 जिलों में सामान्य से कम वर्षा, जानें मौसम का अपडेट
मौसम
MP Weather Today: मध्य प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से कहीं भी भारी या अति भारी बारिश दर्ज नहीं की गई है. लगातार कमजोर पड़े मानसून के कारण प्रदेश के कई इलाकों में सूखे जैसे हालात बनने लगे हैं. जबलपुर सहित 35 जिलों में अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है.
सबसे ज्यादा असर प्रदेश के पूर्वी हिस्से पर दिखाई दे रहा है, जहां जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग के अधिकांश जिले बारिश की कमी से जूझ रहे हैं. वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम और ग्वालियर-चंबल संभाग में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर बनी हुई है.
बारिश के आंकड़ों में पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में बड़ा अंतर
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में अब तक 241.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य औसत 270.3 मिमी होना चाहिए था. इस तरह प्रदेश में कुल बारिश सामान्य से करीब 11 प्रतिशत कम रही है. पूर्वी मध्य प्रदेश में यह कमी लगभग 24 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जबकि पश्चिमी हिस्से में सामान्य से करीब 2 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है.
19 जुलाई के बाद बदल सकता है मौसम का मिजाज
मौसम विभाग का अनुमान है कि 19 जुलाई से मौसम का मिजाज बदल सकता है. उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है. इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी में बन रही नई मौसम प्रणाली और सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर भी मध्य प्रदेश पर पड़ने की संभावना है. इन प्रणालियों के प्रभाव से कई जिलों में अच्छी बारिश होने की उम्मीद जताई गई है.
आज इन जिलों में हल्की बारिश
गुरुवार को इंदौर, धार, झाबुआ, आलीराजपुर, बुरहानपुर, खरगोन, खंडवा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी समेत कई जिलों में हल्की बारिश और तेज हवा चलने का अनुमान है.
दूसरी ओर ग्वालियर, मुरैना, शिवपुरी, गुना, भोपाल, विदिशा, सागर, रायसेन, सीहोर, देवास, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर और आसपास के क्षेत्रों में उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है.
ये भी पढे़ं- MP Weather: एमपी में थमी बारिश की रफ्तार! उमस और गर्मी से परेशान हुए लोग, कई शहरों में पारा 35 डिग्री के पार