राजगढ़ में जमीनी विवाद में फायरिंग, शाजापुर में तैनात ASI पर गोली चलाने का आरोप, एक की मौत, 3 लोग घायल
राजगढ़: जमीनी विवाद में फायरिंग
Rajgarh Crime News: राजगढ़ जिले के इकलेरा गांव में रविवार दोपहर 12 बजे पट्टा जमीन पर प्लॉट के विवाद को लेकर फायरिंग की घटना सामने आई. घटना में चार लोग घायल हुए, इनमें तीन को गोली लगी. घायलों को उपचार के लिए शुजालपुर लाया गया, जहां निजी अस्पताल में इकलेरा निवासी दीपक मोहबे (पिता कन्हैयालाल मोहबे) की इलाज के दौरान मौत हो गई. गंभीर घायल सतीश जाटव (पिता रतनलाल) और मुकेश जाटव (पिता प्रेमनारायण) को आईसीयू में भर्ती किया गया है. चौथे घायल संतोष को सामान्य चोट आई है.
क्या है पूरा मामला?
परिजन रोहित ने बताया कि दीपक उनके चाचा थे और उनका जमीन विवाद से कोई लेना-देना नहीं था. वहीं घायल संतोष ने बताया कि पट्टा भूमि में उनका प्लॉट को लेकर विवाद चल रहा था. विवाद रोकने के लिए पहले उन्होंने पुलिस चौकी में आवेदन दिया था, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद उन्होंने दिलीप कुंभकार से प्लॉट को लेकर बात कर बताया था कि यह प्लॉट उसने खरीदा हुआ है. आज रविवार को एक अंत्येष्टि से वापस आकर गांव में खड़े थे तभी संतोष के अनुसार, वहां दिलीप ने झूमाझटकी के बाद फायरिंग कर दी.
संतोष ने आरोप लगाया कि फायरिंग में उसके भाई मुकेश जाटव, दीपक मोहबे और सतीश जाटव को गोली लगी. दीपक मोहबे की मौत हो गई, जबकि गम्भीर घायल सतीश और मुकेश का उपचार चल रहा है. संतोष ने बताया कि आज शुरुआती विवाद भी उसके साथ ही हुआ था. मृतक दीपक के पीछे दो बेटियां हैं.
ये भी पढ़ें: MP News: जल्द खिलचीपुर-राजगढ़ ट्रैक पर दौड़ेगी ट्रेन, रामगंजमंडी से भोपाल का ट्रायल रन शुरू
ASI पर गोली चलाने के आरोप
फायरिंग का आरोप शाजापुर जिला मुख्यालय पर पदस्थ सहायक उप निरीक्षक दिलीप कुंभकार पर लगाया गया है. घटना की सूचना के बाद राजगढ़ जिले की पुलिस शुजालपुर पहुंची है. सूत्रों के अनुसार पुलिस ने आरोपी एएसआई को राउंड अप कर लिया है. हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. दीपक के शव को पोस्टमार्टम के लिए शुजालपुर मंडी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.