MP के 102 स्टूडेंट्स को मिलेगी 1-1 लाख की स्कॉलरशिप, CM मोहन यादव स्थापना दिवस पर करेंगे सम्मानित
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव(File Photo)
Bhagwan Shri Krishna Merit Scholarship: मध्य प्रदेश में 1 नवंबर को स्थापना दिवस मनाया जाएगा. इस मौके पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. 102 छात्र-छात्राओं को भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति दी जाएगी. मुख्यमंत्री मोहन यादव होनहार छात्रों को एक-एक लाख रुपये की स्कॉलरशिप बांटेंगे और प्रमाण पत्र वितरित करेंगे.
छात्रों का चयन कैसे किया गया?
इस छात्रवृत्ति के लिए छात्रों का चयन संस्कृति विभाग के अंतर्गत श्रीकृष्ण पाथेय न्यास ने विजेताओं की लिस्ट जारी करके किया. दरअसल, सीएम मोहन यादव ने जन्माष्टमी के मौके पर श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना की घोषणा की थी. इसके बाद न्यास ने प्रतियोगिता का आयोजन किया था. इसके लिए विद्यालय और कॉलेज/यूनिवर्सिटी के लिए अलग-अलग वर्ग बनाए थे. प्रतियोगिता ऑनलाइन आयोजित करवायी गई थी. इस तरह 102 छात्रों का चयन किया गया. सभी छात्रों को कुल 1 करोड़ दो लाख रुपये की स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी.
किन जिलों के छात्रों को चुना गया?
इस स्कॉलरशिप के लिए 63 हजार 736 छात्रों ने पंजीयन करवाया था. इनमें से 58 हजार 99 स्टूडेंट्स ने ही प्रतियोगिता में हिस्सा लिया. विजेताओं का चयन लॉटरी सिस्टम से किया गया है. खंडवा, अशोकनगर, बड़वानी, नर्मदापुरम, सिवनी, सिंगरौली, उमरिया, बुरहानपुर, छतरपुर, गुना, झाबुआ, कटनी, मऊगंज, सागर, सतना, श्योपुर और उज्जैन से विद्यार्थियों का चयन हुआ. सबसे ज्यादा 6 छात्र खंडवा से चुने गए.
श्रीकृष्ण पाथेय न्यास की ऑफिशियल वेबसाइट पर लिस्ट जारी कर दी गई है. विजेताओं की सूची ttps://shrikrishnapatheynyas.com/ पर विजिट करके देखा जा सकता है.
ये भी पढ़ें: मां राजराजेश्वरी कोटि हरिद्रा कुंकुमार्चन आज, नेपाल के रुद्राक्ष, केरल के 1100 चांदी के सिक्कों से होगा अनुष्ठान
इस स्कॉलरशिप का उद्देश्य क्या है?
ये मध्य प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है. भगवान श्री कृष्ण की विद्याओं और कलाओं पर केंद्रित है. भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध संस्कृति और ज्ञान परंपरा से बच्चों को अवगत कराना है. बच्चे अपने जीवन में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन को उतार सकें.