MP News: बोर्डिंग स्कूल से बचने के लिए छात्र ने रची अपहरण की साजिश, परिवार को भेजा 5 लाख की फिरौती का मैसेज, उज्जैन से मिला सकुशल
पुलिस ने छात्र को सकुशल बरामद किया
MP News: सीहोर जिले में 16 वर्षीय एक छात्र ने नवोदय बोर्डिंग स्कूल जाने से बचने के लिए अपने ही अपहरण की झूठी कहानी गढ़ दी. उसने परिवार को गुमराह करने के लिए 5 लाख रुपये की फिरौती का फर्जी संदेश भी भेजा. पुलिस और साइबर सेल की जांच में पूरे मामले का खुलासा हो गया. रविवार को पुलिस ने किशोर को उज्जैन से सकुशल बरामद कर लिया.
घर से बिना बताए निकला छात्र
मामला अहमदपुर थाना क्षेत्र के दूरगांव गांव का है. यहां रहने वाले रामदयाल तंवर का 16 वर्षीय बेटा 1 जुलाई को बिना किसी को बताए घर से निकल गया था. परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने अहमदपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
साइबर जांच से खुला राज
जांच के दौरान सीहोर साइबर सेल ने तकनीकी माध्यमों से किशोर की लोकेशन ट्रेस की, जिससे पता चला कि वह उज्जैन में मौजूद है. सूचना मिलते ही अहमदपुर थाना पुलिस की टीम उज्जैन रेलवे स्टेशन पहुंची और उसे सुरक्षित अपने साथ ले आई.
पूछताछ में किशोर ने बताया कि वह श्यामपुर स्थित नवोदय बोर्डिंग स्कूल में पढ़ाई नहीं करना चाहता था. इसी वजह से उसने घर छोड़ने का फैसला किया. उसने यह भी बताया कि किसी को अपनी लोकेशन का पता न चले, इसलिए रास्ते में ही मोबाइल की सिम निकालकर फेंक दी. इसके बाद वह भोपाल बस स्टैंड पहुंचा, वहां से ऑटो के जरिए रेलवे स्टेशन गया और ट्रेन पकड़कर उज्जैन पहुंच गया.
इंस्टाग्राम पर भेजा फिरौती का फर्जी संदेश
किशोर ने पुलिस को बताया कि घर लौटने पर डांट पड़ने के डर से उसने उज्जैन रेलवे स्टेशन के फ्री वाई-फाई का इस्तेमाल किया और इंस्टाग्राम के जरिए अपनी बहन को 5 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाला फर्जी संदेश भेज दिया, ताकि परिवार को लगे कि उसका अपहरण हो गया है.
पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने किशोर को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया. मामले में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
ये भी पढे़ं- ‘लव जिहाद की घटना के पीछे वसीम रिजवी’, फरहान और वायरल गर्ल पर भी भड़के डायरेक्टर सनोज मिश्रा