MP News: दर्शन करने गया किसान परिवार, सूने घर में चोरों ने किया हाथ साफ, लाखों की नकदी और जेवर गायब
किसान परिवार के घर में लाखों की चोरी
MP News: भोपाल से धार्मिक यात्रा पर गए एक किसान परिवार के घर को चोरों ने निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दिया. बदमाश मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और गुल्लकों में जमा नकदी के साथ सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए.
सिकंदराबाद गांव के रहने वाले परिवार ने 20 तोले से अधिक सोने, करीब आधा किलो चांदी और नौ गुल्लकों में रखे लगभग 9 लाख रुपये चोरी होने की शिकायत की है. हालांकि, पुलिस ने चोरी हुई संपत्ति की बताई गई मात्रा को लेकर संदेह जताया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
21 अक्टूबर को परिवार निकला था दर्शन करने
पुलिस के मुताबिक, 42 वर्षीय किसान फूल सिंह साहू 21 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे घर पर ताला लगाकर परिवार के साथ ओरछा दर्शन के लिए निकले थे. 23 अक्टूबर की देर रात जब परिवार वापस लौटा, तो घर में चोरी होने का पता चला. इसके बाद 24 अक्टूबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई. शनिवार को एफएसएल टीम के साथ पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने की कोशिश की.
सोने के जेवर और चांदी भी ले गए चोर
परिवार की शिकायत के अनुसार, चोर घर से सोने का रानी हार, गले के दो हार, चार जोड़ी टॉप्स, पांचाली, सोने की चूड़ियां, तीन अंगूठियां, बिंदिया, मंगलसूत्र और सोने की चेन ले गए हैं. इसके अलावा घर में रखी नौ गुल्लकें भी तोड़ दी गईं. किसान का दावा है कि इन गुल्लकों में करीब 9 लाख रुपये जमा थे.
पुलिस ने संपत्ति के दावे पर जताया संदेह
थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस चोरी गए सामान का विवरण जुटाने के साथ मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि शिकायत में बताई गई संपत्ति की मात्रा और घटनाक्रम का भी सत्यापन किया जा रहा है.
ये भी पढे़ंं- Raisen: ‘आयुष्मान’ की आड़ में पैसों का खेल, मजदूर को 15 दिन तक बनाया बंधक, जबरन दांत निकाले, 20000 मांगे