‘लंबे समय से इसका इंतजार था…’, अमित शाह की एमपी को नशा मुक्त करने की घोषणा के बाद बोलीं उमा भारती
पूर्व सीएम उमा भारती
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के एमपी को नशा मुक्त करने वाले ऐलान की चर्चा चारों तरफ हो रही है. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को भोपाल के दौरे पर आए थे. यहां पर उन्होंने मंच से हजारों लोगों के सामने एमपी को नशा मुक्त करने का ऐलान किया और इसकी डेडलाइन भी तय कर दी है. होम मिनिस्टर की इस घोषणा को अब एमपी की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती का भी साथ मिल गया है.
हमारे मन की मुराद पूरी- उमा भारती
एमपी की पूर्व सीएम उमा भारती ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा कि गृहमंत्री की इस घोषणा ने हमारे मन की मुराद पूरी कर दी. एमपी को नशा मुक्त बनाने के लिए पहला चरण शराब मुक्ति है. उन्होंने गृहमंत्री शाह की इस घोषणा और संकल्प का स्वागत करते हुए, इसे सफल बनाने की जनता से अपील भी की है.
लंबे समय से इस घोषणा की प्रतीक्षा थी- उमा भारती
पूर्व सीएम उमा भारती ने अपने पोस्ट में लिखा ‘भारत सरकार के गृहमंत्री एवं भाजपा नेता श्री अमित शाह जी की यह घोषणा कि मध्य प्रदेश को नारकोटिक्स और नशीले पदार्थों से मुक्त करना है. लंबे समय से इस घोषणा की प्रतीक्षा थी. इस घोषणा ने हमारे मन की मुराद पूरी कर दी, हमारे अभियान को सफल कर दिया.’
1. भारत सरकार के गृहमंत्री एवं भाजपा नेता श्री अमित शाह जी कि यह घोषणा कि मध्य प्रदेश को नारकोटिक्स और नशीले पदार्थों से मुक्त करना है। लंबे समय से इस घोषणा की प्रतीक्षा थी, इस घोषणा ने हमारे मन की मुराद पूरी कर दी, हमारे अभियान को सफल कर दिया। 2. नशामुक्ति का पहला चरण शराब मुक्ति है, व्यक्ति शराब की लत लगने के बाद अन्य नशे की चीजों की ओर बढ़ता है। मध्य प्रदेश को नशा मुक्ति का केंद्र बनाना पूरे देश पर प्रभाव डालेगा। 3. मध्य प्रदेश को नशामुक्त करने की घोषणा का स्वागत है, अभिनंदन है। @BJP4India @BJP4MP @HMOIndia @AmitShah @CMMadhyaPradesh @DrMohanYadav51 @narcoticsbureau
— Uma Bharti (@umasribharti) October 4, 2026
नशामुक्ति का पहला चरण शराब मुक्ति- उमा भारती
उन्होंने आगे लिखा ‘नशामुक्ति का पहला चरण शराब मुक्ति है, व्यक्ति शराब की लत लगने के बाद अन्य नशे की चीजों की ओर बढ़ता है. मध्य प्रदेश को नशा मुक्ति का केंद्र बनाना पूरे देश पर प्रभाव डालेगा. मध्य प्रदेश को नशामुक्त करने की घोषणा का स्वागत है, अभिनंदन है.’
भोपाल में आयोजित गोपालक सम्मेलन में हुए शामिल
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में अपने भोपाल दौरे के दौरान गोपालक सम्मेलन में शिरकत की और कई विकास कार्यों व घोषणाओं में हिस्सा लिया. भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आयोजित 11 जिलों के लगभग 35,000 गोपालकों के राज्य स्तरीय सम्मेलन में भाग लिया. गोशालाओं के लिए ₹101 करोड़ की राशि प्रदान की और उज्जैन में बनने वाले ₹255 करोड़ के डेयरी प्लांट का वर्चुअली भूमिपूजन किया. इसी दौरान उन्होंने 31 दिसंबर 2029 तक एमपी को नशामु्क्त बनाने का ऐलान भी किया.
ये भी पढ़ें: युवाओं के लिए दमदार योजना, सीखो और हर महीने कमाओ हजारों रुपये, ये है MP सरकार की कमाल की स्कीम