MP News: उपेंद्र धोते एमपी नर्सिंग काउंसिल के रजिस्ट्रार बनाए गए, एक दिन पहले हटाए गए थे मुकेश सिंह
मध्य प्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल
MP News: डॉक्टर उपेंद्र धोते मध्य प्रदेश नर्सेस रजिस्ट्रेशन काउंसिल के नए रजिस्ट्रार बनाए गए हैं. राज्य सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि अगले आदेश तक धोते इस पद पर बने रहेंगे. वर्तमान में धोते लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा संचालनालय में उप संचालक के पद पर कार्यरत हैं. इसके साथ ही उन्हें काउंसिल का प्रभार भी सौंपा गया है.
आदेश में क्या कहा गया है?
लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की ओर से शुक्रवार (14 अगस्त) को आदेश जारी किया गया. इसमें मुकेश सिंह को मध्य प्रदेश शासन लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश क्रमांक PHF/4/0001/2025/सत्रह/मेडि-2 दिनांक 22/08/2025 अनुसार रजिस्ट्रार, म.प्र. नर्सेस रजिस्ट्रेशन कौंसिल का प्रभार सौंपा गया था. प्रशासकीय आधार पर मुकेश सिंह के स्थान पर डॉ. उपेन्द्र धोते, उप संचालक, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा को आगामी आदेश तक रजिस्ट्रार, म.प्र. नर्सेस रजिस्ट्रेशन कौंसिल का प्रभार सौंपा जाता है.

मुकेश सिंह को हटाया गया
नर्सिंग परीक्षाओं में गड़बड़ी और रिजल्ट में देरी के चलते नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल के सामने छात्र कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं. इसे देखते हुए डिप्टी सीएम और लोक स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के निर्देश के बाद मुकेश सिंह को रजिस्ट्रार पद से हटा दिया गया.
किन मांगों को लेकर छात्र कर रहे प्रदर्शन?
- GNM स्टूडेंट्स का रिजल्ट घोषित हो. आगामी एग्जाम कराए जाएं.
- बीएससी नर्सिंग छात्रों का परिणामों का ऐलान किया जाए. आगामी परीक्षाएं कराई जाएं.
- SC, ST और OBC वर्ग और पैरामेडिकल छात्रों को स्कॉलरशिप दी जाए.
- आर्थिक रूप से कमजोर और सामान्य वर्ग के छात्रों के लिए स्कॉलरशिप की व्यवस्था की जाए.
- नर्सिंग और पैरामेडिकल संस्थानों को जबलपुर स्थित मेडिकल यूनिवर्सिटी से जोड़ा जाए.