हवाई यात्रा पर मौसम की मार, भोपाल से उड़ने वाली फ्लाइट्स लेट, दिल्ली में भी बढ़ा यात्रियों का इंतजार
भोपाल एयरपोर्ट (फाइल फोटो)
MP News: देशभर में मानसून ने कहर मचा रखा है. भारी बारिश के चलते जनजीवन, यातायात पूरी तरह प्रभावित हो रहे हैं. ऐसे में दिल्ली और नोएडा के आसपास भी मौसम खराब होने के कारण हवाई यात्रा पर असर पड़ रहा है. हवाई यात्रा प्रभावित होने के कारण राजा भोज एयरपोर्ट से दिल्ली और नोएडा जाने वाली कई उड़ानें अपने समय से देरी से चल रही हैं. फ्लाइट्स लेट होने से एयरपोर्ट के वेटिंग एरिया में यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है.
भोपाल से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में देरी
एयरपोर्ट के फ्लाइट स्टेटस बोर्ड के अनुसार, भोपाल से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (IX1790) अपने तय समय से देरी से उड़ान भर रही है. इसके साथ ही शाम में दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट और नोएडा जाने वाली उड़ानों के समय मे भी बदलाव दर्ज किया गया है. स्टेटस स्क्रीन पर कई अन्य उड़ानों में आगे भी ‘डिले’ (देरी) का संकेत दिखाई दे रहा है.
वेटिंग रूम में ठहरे यात्री
एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों ने कहा कि वे तय समय में पहुंचे गए थे, लेकिन उड़ानों में बेहद देरी के कारण उन्हें एयरपोर्ट के वेटिंग एरिया में ही रुकना पड़ा रहा है. एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से फिलहाल कोई अधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. यात्रियों को एयरलाइन के नए अपडेट पर पूरी तरह से नजर रखने की सलाह दी गई है. किसी भी फ्लाइट के रद्द होने की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है. मौसम सामान्य रहने पर उड़ानों का संचालन ठीक होने की उम्मीद जताई जा रही है.
दिल्ली से 26 उड़ाने रद्द
दिल्ली एयरपोर्ट से मौसम खराब होने के कारण 380 फ्लाइट लेट हैं, जबकि 26 उड़ानों को रद्द कर दिया गया है. दिल्ली के कई इलाकों में मौसम विभाग ने भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई जा रही है. इसका सीधा असर उड़ानों पर पड़ने वाला है.
ये भी पढे़ं- रेलवे की बड़ी उपलब्धिः मुंबई से वडोदरा चली डबल-स्टैक कंटेनर ट्रेन