Bhopal: यूथ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन बना मजाक, महज 8 कार्यकर्ता हुए श‍ामिल, मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका

Bhopal News: प्रदेश कांग्रेस के संगठन प्रभारी डॉ. संजय कामले ने एक पत्र जारी कर युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस को 15 से 17 जून तक भाजपा कार्यालयों के घेराव और विरोध प्रदर्शन के निर्देश दिए थे.
Youth Congress in Bhopal

भोपाल में यूथ कांग्रेस

Bhopal News: राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में कांग्रेस नेतृत्व द्वारा प्रदेशभर में आंदोलन का आह्वान किया गया था. इसी क्रम में भोपाल में भाजपा कार्यालय के घेराव और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन की योजना बनाई गई थी. हालांकि, सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (पीसीसी) के सामने हुए विरोध प्रदर्शन में केवल 8 युवा कांग्रेसी कार्यकर्ता ही नजर आए.

प्रदर्शनकारी से ज्यादा पुलिसकर्मी

स्थिति ऐसी रही कि प्रदर्शनकारियों की तुलना में मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों की संख्या कहीं अधिक थी. कार्यकर्ताओं की कम मौजूदगी को देखते हुए पुलिस ने उन्हें रोकने या पुतला दहन से रोकने का प्रयास भी नहीं किया. उपस्थित कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया.

संगठन के निर्देशों का नहीं दिखा असर

गौरतलब है कि 12 जून को मध्य प्रदेश कांग्रेस के संगठन प्रभारी डॉ. संजय कामले ने एक पत्र जारी कर युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस को 15 से 17 जून तक भाजपा कार्यालयों के घेराव और विरोध प्रदर्शन के निर्देश दिए थे. इसके बावजूद राजधानी भोपाल में कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय तक नहीं पहुंचे और प्रदर्शन पीसीसी परिसर के बाहर ही सीमित रह गया.

प्रेस नोट में बताया लोकतंत्र बचाने की लड़ाई

बाद में भोपाल शहर युवा कांग्रेस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस आंदोलन को केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ लोकतंत्र बचाने की लड़ाई बताया. प्रदर्शन का नेतृत्व जिला महासचिव अनीस शर्मा ने किया, जबकि इसे युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अमित खत्री के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया.

8 कार्यकर्ता ही आए मैदान में

प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष नीरज यादव, महासचिव दर्शन कोरी, ब्लॉक अध्यक्ष मोहन रुडेले, भूपेंद्र मिश्रा, रिजूल सेन, सूरज लोधी, भीम लोवंशी और सुजल समेत कुल 8 कार्यकर्ता शामिल रहे. संख्या भले ही कम रही हो, लेकिन संगठन की ओर से जारी बयान में आंदोलन को मजबूत और निर्णायक बताया गया.

अमित खत्री ने लगाए गंभीर आरोप

युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अमित खत्री ने आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनाव में मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्था के खिलाफ है. उन्होंने इसे राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित कार्रवाई बताते हुए कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. खत्री ने कहा कि युवा कांग्रेस इस मुद्दे पर अपना विरोध जारी रखेगी और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी.

ये भी पढे़ं- ‘MP का किसान केवल आपकी प्रेस विज्ञप्ति में खुशहाल’, जीतू पटवारी का CM को पत्र; कहा- खाद संकट, विशेष सत्र बुलाएं

ज़रूर पढ़ें