Vistaar NEWS

MP News: मुरैना में स्‍कूल निर्माण और मरम्मत राशि में गड़बड़ी का मामला, BEO ने दिए 3 दिन में काम पूरा करने के निर्देश

Case of Irregularities in School Repair Funds

स्‍कूल मरम्मत राशि में गड़बड़ी का मामला

रिपोर्ट- मनोज शर्मा

MP News: मुरैना जिले के पोरसा विकासखंड में विद्यालयों के मरम्मत और निर्माण कार्य के नाम पर मिली राशि में गड़बड़ी का मामला सामने आया है. जिन विद्यालयों को मरम्मत कार्य के लिए ब्लॉक शिक्षा अधिकारी पोरसा एवं शासन की तरफ से राशि प्राप्त हुई थी, वहां अब तक निर्माण और मरम्मत कार्य पूरे नहीं किए गए हैं. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ब्लॉक शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिंह तोमर ने संबंधित विद्यालयों को 3 दिन के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने चेतावनी दी है कि समय सीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित प्राचार्यों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.

भौतिक सत्यापन में बंद मिले स्कूल

ब्लॉक शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिंह तोमर और सब इंजीनियर शिवराज सिंह सैनी द्वारा विद्यालयों का भौतिक सत्यापन करने के लिए निरीक्षण किया गया. निरीक्षण से पहले संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों को सूचना भी दी गई थी कि विद्यालयों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा. इसके बावजूद साधु का पूरा, महुआ और धर्मगढ़ स्कूल बंद पाए गए, जबकि उस समय विद्यालय संचालन का निर्धारित समय था. अधिकारियों ने इसे शासन के आदेशों की अवहेलना माना है.

लापरवाही और अनुशासनहीनता पर सख्ती

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की अनुशासनहीनता, कार्य के प्रति लापरवाही और विद्यालय के बच्चों के प्रति जिम्मेदारी नहीं निभाना गंभीर मामला है. ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारियों और प्राचार्यों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.

मरम्मत कार्य के लिए मिली थी लाखों की राशि

जानकारी के अनुसार लगभग एक वर्ष पूर्व प्रत्येक हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल को शौचालय मरम्मत, पेयजल व्यवस्था और विद्युत व्यवस्था सुधारने के लिए 90 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई थी. इसके अलावा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महुआ को शासन की तरफ से 3 लाख 39 हजार रुपए तथा ब्लॉक शिक्षा कार्यालय पोरसा की ओर से 1 लाख 40 हजार रुपए दिए गए थे. वहीं धर्मगढ़ हायर सेकेंडरी स्कूल को भी 1 लाख 40 हजार रुपए की राशि उपलब्ध कराई गई थी. इसके बावजूद संबंधित विद्यालयों में मरम्मत कार्य नहीं कराया गया.

वरिष्ठ कार्यालय को भेजा जाएगा प्रतिवेदन

ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि यह शासन के आदेशों की अवहेलना और स्पष्ट अनुशासनहीनता का मामला है. इसलिए संबंधित विद्यालयों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए वरिष्ठ कार्यालय को पत्र लिखा जा रहा है.

केवल चार स्कूलों ने पूरा किया गुणवत्तापूर्ण कार्य

अधिकारियों के अनुसार जिन विद्यालयों को निर्माण कार्य के लिए राशि प्रदान की गई थी, उनमें केवल शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पोरसा, शासकीय एक्सीलेंस हायर सेकेंडरी स्कूल पोरसा, शासकीय हाई स्कूल तरसमा और शासकीय हाई स्कूल औरेठी द्वारा ही गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण किया गया है. बाकी विद्यालयों ने निर्माण कार्य में कोई विशेष रुचि नहीं दिखाई, जिसके कारण उनके खिलाफ कार्रवाई प्रस्तावित की जा रही है.

तीन दिन में काम पूरा करने की चेतावनी

ब्लॉक शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि निरीक्षण के दौरान भीषण दोपहर में साधु का पूरा, महुआ और धर्मगढ़ स्कूल बंद पाए गए, जबकि विद्यालय का समय चल रहा था. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि संबंधित विद्यालय आगामी 3 दिनों के भीतर निर्माण और मरम्मत कार्य पूरा कर लें, अन्यथा कार्रवाई के लिए स्वयं जिम्मेदार होंगे और दंडात्मक कार्रवाई के पात्र माने जाएंगे.

ये भी पढे़ं- नौगांव देश की सबसे गर्म जगहों में से एक, 1 हफ्ते से बरस रही आग! पारा 47 डिग्री के पास; मोबाइल भी नहीं कर रहे काम

Exit mobile version