MP: जनगणना में लगा दी मृत शिक्षक की ड्यूटी, ट्रेनिंग लिस्ट देखकर मचा हड़कंप, जानें पूरा मामला
मृत शिक्षक की लगा दी ड्यूटी
Barwani News: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में पाटी तहसील में जनगणना प्रशिक्षण को लेकर प्रशासन की गंभीर लापरवाही सामने आई है, जिसने पूरे विभाग पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. दरअसल प्रशासन ने जनगणना के लिए ऐसे शिक्षक की ड्यूटी लगा जिसका निधन काफी समय पहले हो चुका था. ट्रेनिंग के दौरान जब यह बात सामने आई, तो हड़कंप मच गया. ये मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
23वें नंबर पर लिखा शिक्षक का नाम
गौरतलब है कि पाटी तहसीलदार बबली बरड़े ने शिक्षा विभाग के 32 कर्मचारियों को 27 से 29 अप्रैल तक ट्रेनिंग के लिए बुलाया था. इस लिस्ट में 23वें नंबर पर संतोष मालवीय का नाम था. संतोष मालवीय रावतलिया फलियां स्कूल में टीचर थे. इनकी मौत बीते 13 अप्रैल को हो चुकी थी, इसके बावजूद भी उनके नाम का आदेश जारी कर दिया गया.
जब तथ्य आए सामने तो…
यह तथ्य सामने आते ही प्रशिक्षण स्थल पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में आश्चर्य और नाराजगी का माहौल बन गया. प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगे कि आखिर किस तरह बिना सत्यापन के ड्यूटी सूची तैयार कर दी गई. इसकी सफाई में कहा जा रहा है कि लिस्ट बनाने समय पुराने रिकॉर्ड का इस्तेमाल किया गया है. पोर्टल पर शिक्षक की मौत के बारे में जानकारी अपलोड नहीं थी. जिसकी वजह से उनका नाम इस लिस्ट में लिख दिया गया.
एक और बड़ी लापरवाही
इससे भी ज्यादा हैरान की एक बात सामने आई है. एक तरफ जहां मृत शिक्षक की ड्यूटी लग गई, वहीं दूसरी तरफ जो कर्मचारी जिंदा हैं, उनमें से 32 लोग ट्रेनिंग से गायब मिले. इसे लापरवाही मानते हुए प्रशासन ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है.
ये भी पढ़ें: मऊगंज में सड़क के निर्माण में धांधली! अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप, घटिया निर्माण पर ग्रामीणों में आक्रोश